बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’, ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • 16 नवंबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है कम दबाव का क्षेत्र, 17 नवंबर को गंभीर तूफान बनने की आशंका
  • ओडिशा के छह जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान, मछुआरों को 17 और 18 नवंबर को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

भुवनेश्वर, राष्ट्रबाण। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को गहरे दबाव में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में इसके और शक्तिशाली होने की संभावना है। अनुमान है कि 16 नवंबर तक यह चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है, जबकि 17 नवंबर को इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। चक्रवात बनने पर इसका नाम ‘अक्वान’ रखा जाएगा।

हवा की रफ्तार 95 किलोमीटर तक पहुंचने का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, यह मौसमी सिस्टम दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है। इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने पर हवा की रफ्तार 85 से 95 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, हवा के झोंके 105 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की आशंका है। हालांकि, अभी तूफान के संभावित मार्ग और तट से टकराने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह भी तय नहीं है कि तूफान समुद्र के ऊपर ही कमजोर पड़ जाएगा या तटीय इलाकों तक पहुंचेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग इसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

ओडिशा के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 18, 19 और 20 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान गंजाम, गजपति, पुरी, खुर्दा, केंद्रापड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, तूफान की दिशा और गति के आधार पर बारिश का प्रभाव कम या ज्यादा हो सकता है।

समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका, मछुआरों को सलाह

मौसम विभाग के अनुसार, 17 और 18 नवंबर को दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने के साथ ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंके 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

17 और 18 नवंबर को समुद्र में न जाने की हिदायत

समुद्र की स्थिति खराब से बेहद खराब होने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को 17 और 18 नवंबर को दक्षिणी ओडिशा के समुद्री क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात की दिशा, तीव्रता और संभावित प्रभाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में जारी होने वाले नए पूर्वानुमान से ओडिशा के तटीय इलाकों में इसके संभावित असर की स्थिति और स्पष्ट होगी।

error: Content is protected !!