नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। भारत अपनी रक्षा क्षमताओं को स्वदेशी तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता के दम पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने की तैयारी में जुटा है। इसी दिशा में निजी रक्षा कंपनी रेफी एमफाइबर ने देश में छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है। कंपनी का दावा है कि इस फाइटर जेट की पहली उड़ान वर्ष 2030 तक संभव हो सकती है। कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने हाल ही में नेशनल सिक्योरिटी समिट में वायुसेना के अधिकारियों की मौजूदगी में इस परियोजना की घोषणा की।
एफ-35 से भी उन्नत विमान बनाने का दावा
कंपनी के सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित लड़ाकू विमान छठी पीढ़ी के वैश्विक मानकों को पूरा करेगा। कंपनी का दावा है कि तकनीकी क्षमताओं के कुछ मामलों में यह अमेरिका के अत्याधुनिक एफ-35 लड़ाकू विमान से भी आगे निकल सकता है। यह परियोजना ऐसे समय में सामने आई है, जब भारत पहले से ही पांचवीं पीढ़ी के स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर जेट एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) के विकास पर काम कर रहा है। किसी निजी कंपनी की ओर से इतने बड़े स्तर पर छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमान को विकसित करने की घोषणा भारतीय रक्षा उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
12 देशों के इंजीनियर परियोजना में शामिल
रेफी एमफाइबर के मुताबिक, इस परियोजना में 12 देशों के विमान इंजीनियर शामिल हैं। कंपनी ने विमान के डिजाइन और निर्माण के लिए 10 करोड़ डॉलर का फंड जुटाने का भी दावा किया है। इसके अलावा ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता का इस्तेमाल भी इस परियोजना में किया जा रहा है। कंपनी की दिल्ली-एनसीआर में करीब 7 लाख वर्ग फुट में फैली अत्याधुनिक सुविधा को भी इस महत्वाकांक्षी योजना का अहम हिस्सा बताया गया है। विमान के निर्माण में भारतीय वायुसेना की विशिष्ट जरूरतों को ध्यान में रखने की बात कही गई है।
समुद्र के भीतर दुश्मन की गतिविधियों पर रखेगा नजर
दूसरी ओर, भारतीय नौसेना अपनी समुद्री निगरानी क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रही है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने वरुण ध्वनि-01 नामक एक विशेष उपकरण विकसित किया है। यह यंत्र समुद्र के भीतर होने वाली आवाजों को रिकॉर्ड करेगा और जीसैट उपग्रह के माध्यम से सीधे रक्षा प्रयोगशाला तक संकेत भेजेगा। कोच्चि स्थित नौसेना प्रयोगशाला द्वारा विकसित इस तकनीक से समुद्र के भीतर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हिंद महासागर में बढ़ेगी निगरानी क्षमता
इस तकनीक को हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की पनडुब्बियों की बढ़ती मौजूदगी और पाकिस्तान की नौसैनिक क्षमताओं के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में रणनीतिक रूप से तैनात करने की योजना है। इस उपकरण के जरिए समुद्र के भीतर होने वाली गतिविधियों की जानकारी जुटाने और भारतीय नौसेना की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में सहायता मिल सकती है।
एएमसीए परियोजना के लिए निजी कंपनी का चयन जल्द
इसी बीच रक्षा मंत्रालय पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) के विकास के लिए इसी माह एक निजी औद्योगिक साझेदार का चयन करने की तैयारी में है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए एलएंडटी, भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड जैसे प्रमुख औद्योगिक गठबंधनों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। चयनित गठबंधन एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) के साथ मिलकर इस परियोजना पर काम करेगा। इससे भारत की स्वदेशी लड़ाकू विमान निर्माण क्षमता और हवाई ताकत को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठने की उम्मीद है।



