सिवनी, राष्ट्रबाण। नगर के बबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में ठहरे बालिग युवक-युवतियों को बैग में गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। होटल संचालक और मालिक ने पुलिस अधिकारियों पर जांच के नाम पर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो 13 नवंबर की शाम का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
वायरल वीडियो में नजर आए पुलिस अधिकारी
वायरल सीसीटीवी फुटेज में एएएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी होटल के अंदर दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि होटल में ठहरे बालिग युवक-युवतियों को उनके बैग में गांजा रखकर एनडीपीएस के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। इस घटना को लेकर होटल प्रबंधन ने पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
हर महीने 25-25 हजार रुपये मांगने का आरोप
होटल संचालक संजय सनोडिया ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी पर हर महीने 25-25 हजार रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि टीआई और एसडीओपी को पहले ही 10-10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। होटल संचालक के इन आरोपों के सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
होटल किराए पर चलाने वाले युवक ने भी लगाए आरोप
इस मामले में होटल को किराए पर संचालित करने वाले युवक ने भी कुछ दिन पहले पुलिस अधिकारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। अब सीसीटीवी फुटेज वायरल होने और होटल संचालक की ओर से अवैध वसूली के आरोप लगाए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी स्थिति
मामले के संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस सूत्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुये जांच कराई जाएगी। जांच के बाद ही वायरल वीडियो और पुलिस अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



