रांची, राष्ट्रबाण। नेताओं को अक्सर एक ताना दिया जाता है कि वह भ्रष्टाचारी और जनता के पैसों से अपन घर भरते हैं। लेकिन यह बात झारखंड में सच साबित होती दिखाई दी है। दरअसल झारखंड में कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद धीरज साहू के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड कार्यवाही की गई है। जहां कार्यवाही के दौरान एक आलमारी से भारी मात्रा में कैश बरामद किया गया है। नोटों से भरी अलमारी देखकर आपको लगेगा कि यह किसी बैंक की तिजोरी है। कुल कैश कितना है यह अभी सामने नहीं आया है। नोटों की गिनती अभी जारी है। रांची और लोहरदगा स्थित सांसद के आवास समेत पांच ठिकानों पर बुधवार को इनकम टैक्स की छापेमारी में यह कैश बरामद किया गया है। रांची के रेडियम रोड स्थित आवास सुशीला निकेतन के अलावा ओडिशा के बलांगीर, संबलपुर और कालाहांडी में एक-एक ठिकाने पर छापेमारी की गई थी। रांची के रेडियम रोड स्थित उनके आवास पर काम करने के लिए पहुंचे कर्मियों को भी इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने लौटा दिया। लोहरदगा स्थित आवास पर भी आईटी की टीम ने कागजात खंगाले। इस दौरान किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। सुबह से लेकर देर रात तक आयकर विभाग की टीम कागजातों को खंगालने में जुटी रही। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की ओडिशा टीम की अगुवाई में सर्वे किया जा रहा है। कोलकाता टीम भी सहयोग कर रही है।