प्रतापगढ़ (राष्ट्रबाण)। जिले के कुंडा स्थित बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के विशेष निमंत्रण पर राजस्थान के जोधपुर स्थित शिविर से 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी भी शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे कथा क्षेत्र को 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटकर करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय के अनुसार, कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में एक एसपी, तीन अपर पुलिस अधीक्षक और छह क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहेंगे। इसके अलावा फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रयागराज कमिश्नरेट से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पूरे आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
16 से 20 नवंबर तक रहेगा रूट डायवर्जन
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष योजना तैयार की है। सुरक्षा के मद्देनजर 16 से 20 नवंबर तक कुंडा क्षेत्र में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
विशाल पंडाल और भव्य मंच तैयार
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में कथा के लिए विशाल पंडाल तैयार किए गए हैं। मुख्य पंडाल 100 फीट चौड़ा और 560 फीट लंबा बनाया गया है। इसके दोनों तरफ 54 फीट चौड़े और 400-400 फीट लंबे दो अतिरिक्त पंडाल भी तैयार किए गए हैं। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 80 फीट लंबे और 48 फीट चौड़े विशेष मंच से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनाएंगे। आयोजन स्थल के पीछे हेलीपैड भी तैयार किया गया है, ताकि विशिष्ट अतिथियों के आवागमन में सुविधा रहे।
20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था
आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यहां एक साथ 20 से 25 हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा चारों दिन 24 घंटे लगातार भंडारे और नाश्ते की व्यवस्था रहेगी। कथा के अंतिम दिन विशेष दिव्य दरबार भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों के लिए अलग व्यवस्था
कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने पुष्टि की है कि राजस्थान के जोधपुर स्थित शिविर से 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंचेंगे। उनके ठहरने और भोजन के लिए अलग से टेंट और विशेष व्यवस्था की गई है। इन शरणार्थियों को 10 बसों के माध्यम से प्रयागराज संगम, अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन भी कराए जाएंगे। इस पहल को धार्मिक आयोजन के साथ शरणार्थियों को तीर्थस्थलों के दर्शन कराने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
कई संत और राजनीतिक हस्तियां भी होंगी शामिल
चार दिवसीय श्रीराम कथा में देश के कई प्रमुख संतों और राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन में योगगुरु बाबा रामदेव, सतुआ बाबा और हैदराबाद के विधायक टी. राजा सहित कई विशिष्ट अतिथि पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर प्रशासन लगातार तैयारियों में जुटा है। आयोजन समिति और पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।



