लखनऊ। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पूरा देश भारतीय सेना और सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और पराक्रम को नमन कर रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल तस्वीरों को ऑपरेशन सिंदूर के प्रतीक चिन्ह से सजाया है। सीएम योगी ने अपनी डीपी में सिंदूर और कवर फोटो में ब्रह्मोस मिसाइल को शामिल कर एक मजबूत संदेश दिया है, जो दुश्मनों के लिए बेहद निर्णायक है।
7 मई 2025 की रात देश के लिए एक ऐतिहासिक घटना बनी, जब भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना ने संयुक्त रूप से पाकिस्तान स्थित नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। यह सैन्य अभियान पहलगाम आतंकी हमले का सटीक और भयंकर जवाब था। उसी रात भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो साझा करते हुए “Justice is Served” लिखा था, जिसने पूरी दुनिया को भारत की सैन्य ताकत और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई से अवगत कराया।
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल तस्वीर बदलकर इस अभियान को सम्मानित किया। देशभर में नागरिकों ने भी इस अभियान से जुड़ी फोटो और प्रतीकों को साझा कर एकजुटता दिखाई है।
सीएम योगी की सोशल मीडिया प्रोफाइल तस्वीर में ऑपरेशन सिंदूर के लोगो के साथ ब्रह्मोस मिसाइल की कवर फोटो स्पष्ट रणनीतिक संदेश देती है। ब्रह्मोस मिसाइल भारत की सर्वाधिक शक्तिशाली सुपरसोनिक मिसाइलों में से एक है और इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ देश के आक्रामक रुख का प्रतीक माना जाता है।
इस मिसाइल का उत्तर प्रदेश के लखनऊ से विशेष संबंध है, जहां इसका उत्पादन हो रहा है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत रक्षा उत्पादन में तेजी से विकास हो रहा है, जिससे राज्य न केवल कृषि और संस्कृति का केंद्र बन रहा है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के रक्षा उत्पादन में भी अग्रणी साबित हो रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई अवसरों पर ब्रह्मोस मिसाइल और भारत की सैन्य क्षमता की चर्चा करते रहे हैं। एक हालिया कार्यक्रम में उन्होंने कहा था, “ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत के संकल्प की घोषणा थी कि अब जवाब कूटनीति की मेज पर नहीं, बल्कि दुश्मन के दरवाजे पर दिया जाएगा।” यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की बदलती रक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का महत्वपूर्ण संकेत है।
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर बदली गई सीएम योगी की डीपी और कवर फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। समर्थक इसे राष्ट्रवाद और सैन्य सम्मान का प्रतीक मान रहे हैं, जबकि राजनीतिक गलियारों में भी इस डिजिटल संदेश पर चर्चा का दौर जारी है। यह स्पष्ट है कि योगी आदित्यनाथ ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल के माध्यम से एक सशक्त और रणनीतिक संदेश देश व दुनिया को दिया है।

