यरूशलम, राष्ट्रबाण। हमास ओर इजराइल में युद्ध का आगाज हो चुका है। दोनों ही देशों की तरफ से बारूद दागे जा रहे हैं। दरअसल फिलीस्तीन के विद्रोही गुट हमास के हमले के बाद इजरायली प्रधानमंत्री ने युद्ध का ऐलान कर दिया है। जानकारी के मुताबिक इजरायली प्रधानमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा कि हम युद्ध के हालात में घिर चुके हैं और हम इसे जीतेंगे भी। उन्होंने आगे कहा कि हम अपने दुश्मनों को ऐसा सबक सिखाएंगे, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। गौरतलब है कि हमास की सैन्य शाखा के एक नेता का कहना है कि सशस्त्र समूह ने इजराइल के खिलाफ एक नया सैन्य अभियान शुरू किया है। एक सार्वजनिक बयान में, मोहम्मद डीफ ने कहा कि ‘ऑपरेशन अल-अक्सा स्टॉर्म’ शुरू करते हुए शनिवार तड़के इजराइल में 5,000 रॉकेट दागे गए। इसके अलावा इजराइल ने गाजा पट्टी से घुसपैठ की भी सूचना दी है। हमास द्वारा विभिन्न मोर्चों से किए जा रहे हमले के बाद इजरायली प्रधानमंत्री का यह पहला बयान है। उन्होंने रिजर्व सैनिकों के बुलावे का भी आदेश दिया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने देश की सेना को उन इलाकों को खाली कराने का आदेश दिया है, जहां पर हमास घुसपैठियों के साथ लड़ाई चल रही है। इस बीच, इजरायली सेना ने गाजा में टारगेट पर हमला किया। इसके बाद तेल अवीव और यरूशलेम तक हवाई हमले के सायरन लगातार बज रहे थे। सेना ने बताया कि लड़ाके अलग होने वाली बाड़ को पार कर गए थे और यहां तक कि हवा के माध्यम से इजरायल पर भी हमला किया था।



