बालाघाट। इश्क, इकरार और फिर इन्कार की यह कहानी किसी फ़िल्मी पटकथा जैसी लग सकती है, लेकिन इसके पीछे छिपी हकीकत एक युवती के आंसुओं और न्याय की अंतहीन लड़ाई की है। सिवनी की रहने वाली पीड़िता ने बालाघाट के रेत माफिया गुरुदेव पुष्पतोड़े उर्फ़ गुरु पर शादी का प्रलोभन देकर लगातार दैहिक शोषण करने और बाद में जान से मारने की धमकी देकर धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। यह मामला अब बालाघाट पुलिस अधीक्षक की चौखट पर पहुंच चुका है, जहां पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने लिए इंसाफ की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, मामला साल 2019 में शुरू हुआ था। सिवनी में रेत-गिट्टी सप्लाई का काम करने वाले गुरुदेव पुष्पतोड़े, निवासी- बोनकट्टा, बालाघाट ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया। आरोप है कि गुरुदेव ने शादी का वादा कर पीड़िता का भरोसा जीता और उसे जयपुर, छिंदवाड़ा, नागपुर और बालाघाट जैसे शहरों में ले जाकर लगातार शारीरिक शोषण किया। जब भी पीड़िता ने शादी की बात की, आरोपी उसे डरा-धमकाकर या झूठे वादे कर टालता रहा।
पुलिस कार्रवाई और षडयंत्र का जाल
पीड़िता ने बताया कि साल 2022 में उसने सिवनी महिला थाने में न्याय की गुहार लगाई थी, जिसे बाद में बालाघाट स्थानांतरित कर दिया गया। लेकिन यहाँ असली खेल शुरू हुआ। पीड़िता का आरोप है कि गुरुदेव ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरकर वह अपने बयान दर्ज कराने बालाघाट नहीं पहुंच सकी। बाद में, गुरुदेव ने फिर से शादी का कार्ड खेलकर उसे मनाया और केस वापस लेने या बयान बदलने के लिए मजबूर किया।
मंडप में हंगामा और अमानवीय व्यवहार
विश्वासघात की पराकाष्ठा तब हुई जब 1 फरवरी 2023 को गुरुदेव किसी और से शादी करने जा रहा था। खबर मिलते ही पीड़िता ने महाराष्ट्र के तुमसर (जिला भंडारा) स्थित विवाह स्थल पर पहुंची। वहां उसने तुमसर पुलिस को साथ लेकर अपना हक मांगा, लेकिन आरोप है कि गुरुदेव के परिजनों और साथियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। पीड़िता का मोबाइल छीन लिया गया और उसके साथ आए लोगों को मारपीट कर भगा दिया गया।
सबूत मिटाने की कोशिश और मानसिक प्रताड़ना
तुमसर थाने में मारपीट और मोबाइल जब्ती की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पीड़िता को आज भी न्याय का इंतज़ार है। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले कई महीनों से आर्थिक और मानसिक रूप से टूट चुकी है। उसका भविष्य दांव पर है और आरोपी खुलेआम घूम रहा है। वह कहती है उसने मेरे भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। मुझे जान से मारने की धमकियां दी गईं और धोखे से मेरे बयान बदलवाए गए। मैं सिर्फ न्याय चाहती हूँ ताकि कोई और गुरुदेव जैसे लोगों का शिकार न बने।
प्रशासनिक दृष्टिकोण और आगामी कदम
अब गेंद बालाघाट पुलिस के पाले में है। पीड़िता ने लिखित शिकायत में गुरुदेव पुष्पतोड़े खिलाफ निष्पक्ष जाँच और कठोर कार्रवाई की मांग की है। समाज में बढ़ते ऐसे मामलों के बीच यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या पुलिस रसूखदार रेत माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करती है या यह मामला फाइलों में ही दबा रह जाता है। फ़िलहाल यह मामला उस व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहा है जहाँ एक महिला को पुलिस की मौजूदगी में भी अपमानित होना पड़ता है। बालाघाट एसपी से की गई यह शिकायत अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
कौन है गुरुदेव पुष्पतोड़े
गुरूदेव पुष्पतोड़े पिता रूपंचद पुष्पतोड़े ग्राम-बोनकटटा तह-कंटगी बालाघाट का निवासी है। यह आदतन अपराधी बताया जाता है, यह अपने गुर्गो क्षेत्र में दहशत का कारोबार करता है। रात के अंधेरे में वैनगंगा और उसकी सहायक नदियों का सीना चीरकर ‘सफेद सोना’ निकाला जा रहा है। इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड लिस्टेड अपराधी बताया जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह अवैध उत्खनन तिरोड़ी पुलिस की नाक के नीचे चल रहा है। गुरुदेव पुष्पतोड़े पर न केवल अवैध उत्खनन, बल्कि महिलाओं के शोषण और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप भी लग चुके हैं। एक लिस्टेड अपराधी होने के बावजूद उसका बेखौफ घूमना और प्रशासन को चुनौती देना और कानून व्यवस्था की पोल खोलता है।

