मुंबई। नासिक की एक निजी कंपनी से जुड़े धर्मांतरण मामले में मुख्य आरोपी निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नाइगांव इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। निदा खान पिछले कई दिनों से कैसर कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में अपने चार रिश्तेदारों के साथ छिप कर रह रही थी। पुलिस ने नासिक और संभाजीनगर के संयुक्त प्रयास से यह कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी है।
मामला दर्ज होने के बाद निदा खान लगातार फरार चल रही थी और पुलिस उसके सुराग तलाशने में लगी हुई थी। कई दिनों से अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी के दौरान पुलिस को अंततः उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली, जिसके बाद रात करीब 11:30 बजे उसे हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसका मेडिकल जांच कराया गया और फिर ट्रांजिट वारंट के तहत उसे संभाजी नगर कोर्ट में पेश किया गया। जल्द ही उसे नासिक अदालत में पेश किया जाएगा।
25 दिनों से चल रही थी तलाश
सूत्रों के अनुसार, नासिक पुलिस द्वारा गठित विशेष जांच टीम (SIT) लगभग 25 दिनों से निदा खान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। पुलिस को संदेह था कि आरोपी लगातार ठिकानें बदल रही है ताकि गिरफ्तारी से बच सके। तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए याचिका खारिज कर दी थी।
अदालत में पुलिस के तर्क
अदालत में पुलिस ने बताया कि मामले में कई डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। मोबाइल चैट, इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की विस्तृत पड़ताल के लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है। पुलिस ने यह भी सूचित किया कि मामले में अन्य शहरों और लोगों का भी संबंध हो सकता है इसलिए जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। इसी कारण अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका रिजेक्ट कर दी थी।
शिकायतकर्ता को धार्मिक गतिविधियों में जोड़ने का आरोप
SIT की जांच में आरोप लगाया गया है कि निदा खान ने शिकायतकर्ता को धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया था। पुलिस को डिजिटल संदेश और सामग्री मिली है जिनसे पता चलता है कि पीड़िता को हिजाब और बुर्का पहनने के लिए प्रेरित किया गया था। इसके अलावा धार्मिक साहित्य, वीडियो और मोबाइल एप्लिकेशन भी पीड़िता को भेजे गए थे। पुलिस इन सभी सबूतों की जांच कर रही है ताकि किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका उजागर की जा सके। अभी तक किसी बड़े संगठन का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
पति से पूछताछ और जांच में वृद्धि
गिरफ्तारी से पूर्व निदा खान के पति से भी पुलिस ने गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली सूचनाओं के आधार पर कई जगह छापेमारी की गई लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। आरोपी और उसके रिश्तेदारों के मोबाइल बंद मिलने से जांच में कठिनाई आई। बावजूद इसके SIT ने तकनीकी निगरानी तथा स्थानीय सूचनाओं के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में कुछ अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मामले में और खुलासे होंगे।
आगे की कार्रवाई और पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को अदालत में प्रस्तुत करेगी और संभवतः हिरासत में लेकर उससे विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह मामला केवल व्यक्तिगत स्तर का है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है। साथ ही आरोपी के संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है कि कहीं अन्य जगहों पर भी ऐसी घटनाएँ तो नहीं हो रही। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी सावधानी से जांच कर रही है। नासिक तथा छत्रपति संभाजीनगर में इस गिरफ्तारी को लेकर चर्चा जोरों पर है और पुलिस का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

