चमोली. उत्तराखंड में बड़ा हादसा हो गया है. बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया. हेलिकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से वापसी कर रहा था. जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे, जिनमें पांच यात्री शामिल थे. हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई.
उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से लौट रहा ‘चार्ली एक्स-रे कंपनी’ का हेलीकॉप्टर VT-HCX जोशीमठ के पास लापता हो गया है. हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 2:15 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी. इसके बाद बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच उसका संपर्क टूट गया. क्षेत्र में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुट गई हैं, हालांकि खराब मौसम के चलते राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, इसमें पांच यात्रियों और एक पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे. यह हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास ‘हाथी पर्वत’ के इलाके में लापता हुआ है। लापता हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए दो अन्य हेलीकॉप्टरों को काम पर लगाया गया है.
CM ने जताया शोक
सीएम धामी ने हादसे पर शोक जताया. एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं. गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं. हेलीकॉप्टर के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद चमोली जिला प्रशासन ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश के मुताबिक, हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए सर्च और रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया है. फिलहाल हेलीकॉप्टर की लोकेशन और उसमें सवार पायलट समेत छह लोगों की स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोगों की मौत

Highlights
- चमोली के जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में हुआ हादसा, हेलीकॉप्टर में पांच यात्रियों और एक पायलट समेत छह लोग थे सवार
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर जताया शोक, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
