भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय काशीबाई का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित उनके निवास 9-बी पर रखा जाएगा। यहां परिजन, रिश्तेदार और शुभचिंतक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर ले जाया जाएगा, जहां दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।
काशीबाई के निधन से चौहान परिवार में शोक का माहौल है। लंबे समय से बीमार चल रहीं काशीबाई का एम्स में उपचार किया जा रहा था। शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
शिवराज सिंह चौहान की जैविक मां का नाम सुंदरबाई चौहान था। शिवराज के बचपन में ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने दूसरा विवाह किया था। काशीबाई उनकी दूसरी पत्नी थीं। जानकारी के अनुसार, काशीबाई से एक पुत्र वरुण का जन्म हुआ था। वहीं, सुंदरबाई चौहान के चार बच्चे थे, जिनमें शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह, रोहित सिंह और बेटी शशि शामिल हैं। काशीबाई के निधन से परिवार ने अपने एक महत्वपूर्ण सदस्य को खो दिया है। शुक्रवार को उनके गृह ग्राम जैत में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का निधन, गृह ग्राम जैत में आज होगा अंतिम संस्कार

Highlights
- भोपाल एम्स में ली अंतिम सांस, लंबे समय से चल रहा था उपचार
- साकेत नगर स्थित निवास पर अंतिम दर्शन, दोपहर 3 बजे गृह ग्राम जैत में होगा अंतिम संस्कार
