भोपाल, राष्ट्रबाण। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा की सेवानिवृत्ति की तारीख को लेकर चल रहा असमंजस अब दूर हो गया है। गृह विभाग ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि मकवाणा 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद प्रदेश के नए डीजीपी 1 दिसंबर से पदभार संभालेंगे।
कैलाश मकवाणा की नियुक्ति 1 दिसंबर 2024 से प्रभावी हुई थी, लेकिन उन्होंने कार्यभार 2 दिसंबर को संभाला था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, डीजीपी का कार्यकाल कम से कम दो वर्ष का होना चाहिए। इसी वजह से पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा ने गृह विभाग से पूछा था कि उनके कार्यकाल की गणना नियुक्ति की तारीख यानी 1 दिसंबर से की जाए या कार्यभार संभालने की तारीख 2 दिसंबर से।
गृह विभाग ने नियुक्ति आदेश के आधार पर उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित की। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सहमति लेने के बाद बुधवार को आदेश जारी कर दिया गया। गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास ही है।
कैलाश मकवाणा का कार्यकाल एक दिन बढ़ाने की संभावना से डीजीपी पद की दौड़ में शामिल अधिकारियों की पात्रता प्रभावित हो सकती थी। जेल विभाग के डीजी वरुण कपूर ने इस संबंध में आपत्ति भी दर्ज कराई थी। उनकी सेवानिवृत्ति 31 मई 2027 को होनी है। डीजीपी पद के लिए कम से कम छह महीने की सेवा शेष रहने की शर्त के चलते कार्यकाल बढ़ने की स्थिति में उनकी दावेदारी प्रभावित होने की आशंका थी।
नए डीजीपी के नाम पर नजरें
कैलाश मकवाणा की सेवानिवृत्ति की तारीख स्पष्ट होने के बाद अब प्रदेश के अगले पुलिस प्रमुख की नियुक्ति पर सबकी निगाहें हैं। नए डीजीपी को 1 दिसंबर से जिम्मेदारी संभालनी होगी। हालांकि, नए पुलिस महानिदेशक के नाम को लेकर अंतिम निर्णय की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

