नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश लौटने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। उन्होंने नया बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) जारी करने की मांग की है। अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से शेख हसीना भारत में रह रही हैं। उनकी इस पहल को संभावित वतन वापसी की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। यह पहली बार है, जब उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी वापसी से जुड़ी प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में कदम उठाया है।
दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की चर्चा तेज
शेख हसीना की इस पहल को दिसंबर में उनके बांग्लादेश लौटने की संभावित योजना से जोड़कर देखा जा रहा है। वर्ष 2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन के बाद उन्हें करीब 20 साल पुरानी सत्ता गंवानी पड़ी थी और देश छोड़ना पड़ा था। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं। उनकी संभावित वापसी की खबरों से बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल उनकी पार्टी अवामी लीग पर देश में प्रतिबंध लगा हुआ है।
स्वदेश लौटकर अदालत में आत्मसमर्पण करना चाहती हैं हसीना
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा है कि वह स्वदेश लौटकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करना चाहती हैं। उनके सहयोगियों के मुताबिक, पासपोर्ट और पहचान पत्र से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उनकी वापसी की तारीख घोषित की जाएगी। ऐसे में नए दस्तावेज जारी कराने की मांग को उनकी वापसी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मौत की सजा सुना चुका है अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण
बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने नवंबर 2025 में शेख हसीना की गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। उन पर वर्ष 2024 के छात्र आंदोलन को दबाने के लिए सुरक्षा बलों को घातक कार्रवाई के आदेश देने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, भारत में रहते हुए शेख हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है।
बांग्लादेशी दूतावास को वकीलों ने भेजा पत्र
लंदन की कानूनी फर्म ‘मैट्रिक्स चैम्बर्स’ में शेख हसीना का प्रतिनिधित्व कर रहे वकीलों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी दूतावास की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को पत्र भेजा है। इसमें अपनी मुवक्किल के लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया है। वकीलों ने पत्र में कहा है कि अंतरिम सरकार और संबंधित अधिकारियों की ओर से शेख हसीना के पुराने पासपोर्ट और NID को रद्द किए जाने की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में उनकी बांग्लादेशी नागरिकता और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के तहत मिलने वाले अधिकारों को ध्यान में रखते हुए नए दस्तावेज जारी किए जाने चाहिए। पत्र में इस पूरी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की अपील भी की गई है। हालांकि, इस मामले पर नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी दूतावास और ढाका में प्रधानमंत्री तारिक रहमान के कार्यालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
अवामी लीग पर प्रतिबंध, कई नेता जेल में
एक समय शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग बांग्लादेश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकतों में शामिल थी। लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया। उसके कई वरिष्ठ नेता जेल में हैं, जबकि कुछ नेता भारत सहित दूसरे देशों में रह रहे हैं। बांग्लादेश में करीब दो दशक तक प्रधानमंत्री रहीं शेख हसीना के समर्थक आज भी मौजूद हैं। ऐसे में उनकी संभावित वापसी से देश में राजनीतिक ध्रुवीकरण बढ़ने की आशंका है। खासकर ऐसे समय में, जब तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार लंबे राजनीतिक संकट के बाद देश में स्थिरता कायम करने की कोशिश कर रही है।
शेख हसीना की वापसी का भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भी असर
शेख हसीना की वापसी का मुद्दा केवल बांग्लादेश की घरेलू राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर भारत और बांग्लादेश के संबंधों पर भी पड़ सकता है। अगस्त 2024 में सत्ता छोड़ने के बाद भारत में उन्हें शरण मिलने से दोनों देशों के रिश्तों में तनाव पैदा हुआ है। ऐसे में उनकी वापसी से इस विवाद को नया रास्ता मिल सकता है और भारत-बांग्लादेश संबंधों में सुधार की संभावनाएं भी बन सकती हैं। हालांकि, यह काफी हद तक बांग्लादेश सरकार के रुख और आगे होने वाली कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।



