Shivpuri News: फिल्म शोले की वीरू बनी बसंती, प्रेमी के संग रहने की जिद पर अड़ी 2 बच्चों की मां

Rashtrabaan

शिवपुरी, राष्ट्रबाण। मशहूर बॉलीवुड फिल्म शोले का एक सीन था जिसमे अभिनेता धर्मेंद्र यानिकी वीरू पानी की टँकी पर चढ़कर बसंती से शादी की जिद पर अड़ गए थे। लेकिन शिवपुरी में वीरू के बदले बसंती को टावर पर चढ़ा हुआ देखा गया। दरअसल इस बार एक विवाहित महिला अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की मांग को लेकर पावर हाउस टावर पर चढ़ गई। यह फ़िल्मी नजारा मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में देखने को मिला। विवाहित महिला कथित रुप से प्रेमी के साथ रहने की मांग को लेकर एक उंचे टावर पर चढ़ गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नरवर थाना क्षेत्र के पन घटा पावर हाउस के पास दो बच्चों की मां अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की मांग को पावर हाउस के टावर पर चढ़ी हुई थी। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे गये और महिला को समझाया। टावर पर चढ़ी महिला उतरने को तैयार नहीं थी और जिद पर अड़ी रही कि उसके प्रेमी को मौके बुलाया जाए। दरअसल टावर पर चढ़ी महिला किसी जितेंद्र नाम के शख्स को लगातार बुला रही थी। वहां मौजूद पुलिस भी लगातार महिला से गुजारिश कर रही थी कि वो टावर से उतर जाए। बताया जा रहा है कि महिला की जिद को देखते हुए एहतियात के तौर पर वहां एसडीआरएफ की एक टीम को भी बुला लिया गया था। हालात को देखते हुए टावर के नीचे सुरक्षा के इंतजाम किये गये थे। बताया जा रहा है कि यह महिला सुबह करीब साढ़े सात बजे पावर हाउस के टावर पर चढ़ी थी। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसे टावर से किसी तरह नीचे उतारा जा सका है। महिला को सकुशल नीचे उतारे जाने के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।

- Advertisement -

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!