नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की ट्रेन के अंदर रेखा सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी शामिल हुई है। पुलिस ने पोस्टर जब्त कर लिए हैं और उन्हें लगाने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टरों में देश में बीते कुछ वर्षों के दौरान हुए बदलावों और विभिन्न मुद्दों को उठाया गया था। इसमें एक क्यूआर कोड भी मौजूद था, जिसके जरिए लोगों को एक ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा गया था। पुलिस ने दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 2007 और मेट्रो रेलवे (ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 के तहत मामला दर्ज किया है।
यह घटनाक्रम तब सामने आया है, जब हाल के दिनों में विभिन्न प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। 14 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को देखकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने 45 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद किए थे। इसके पहले, 12 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट मार्च के मद्देनजर भी सुरक्षा बढ़ाई गई थी। उस दौरान छह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक बंद रखे गए थे। फिलहाल, पोस्टर लगाने के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच जारी है।
दिल्ली मेट्रो में सरकार विरोधी पोस्टर मिलने से हड़कंप, अज्ञात लोगों पर FIR

