आईटीबीपी के 65वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्रियों और सुरक्षा बलों ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 65वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और सुरक्षा बलों ने जवानों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने बल के अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए उनके साहस, दृढ़ संकल्प और निस्वार्थ सेवा को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि आईटीबीपी के ‘हिमवीरों’ ने अपने असाधारण साहस से खुद को साबित किया है। उन्होंने हर चुनौती का दृढ़ संकल्प के साथ सामना किया है। उनकी निस्वार्थ सेवा और बलिदान देश के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आईटीबीपी के जवानों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अत्यंत कठिन जलवायु परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा में आईटीबीपी की महत्वपूर्ण भूमिका है। बल ने वामपंथी उग्रवाद से निपटने सहित आंतरिक सुरक्षा अभियानों में भी अहम योगदान दिया है। उन्होंने जवानों के साहस, पेशेवर रवैये और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की। वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आईटीबीपी के आदर्श वाक्य ‘शौर्य-दृढ़ता-कर्मनिष्ठा’ का उल्लेख करते हुए हिमवीरों के अदम्य साहस, त्याग और देशभक्ति को नमन किया।
भारतीय सेना ने भी आईटीबीपी के सभी कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। सेना की ओर से जारी संदेश में थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ और सभी रैंक के सैन्यकर्मियों की ओर से बधाई दी गई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने भी आईटीबीपी के जवानों की वीरता, निस्वार्थ बलिदान और गौरवशाली विरासत की सराहना की।
भारत-चीन सीमा की सुरक्षा में तैनात है
आईटीबीपी की स्थापना 24 अक्टूबर 1962 को भारत-चीन युद्ध के बाद की गई थी। यह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल गृह मंत्रालय के अधीन कार्य करता है। बल लद्दाख के काराकोरम दर्रे से अरुणाचल प्रदेश के जाचेप ला तक लगभग 3,488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा की सुरक्षा में तैनात है। सीमा की निगरानी, घुसपैठ और तस्करी रोकने के अलावा आईटीबीपी उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बचाव अभियान और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कार्य भी करती है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अत्यधिक ठंड के बीच तैनात हिमवीर देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

