यादव-वैष्णव की जोड़ी हिट, महाराष्ट्र में भी स्ट्राइक रेट शानदार

Rashtrabaan

नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। दो केंद्रीय मंत्रियों, भूपेन्द्र यादव और अश्विनी वैष्णव की जोड़ी फिर हिट रही। दोनों ही भाजपा के लिए महाराष्ट्र चुनाव के क्रमशः प्रभारी और सह-प्रभारी की भूमिका में रहे। बेहद ही कम बोलने वाले और पर्दे के पीछे रहकर काम करना जिनकी फितरत रही है। दोनों ही कई हफ्तों तक मुंबई में डेरा डाले रहे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भाजपा की रणनीति को ग्राउंड लेवल पर उतारा जा सके। इसके साथ ही जो रुठे हैं उन्हें भी साथ लाया जा सके। लोकसभा चुनाव में हार के बाद बीजेपी ने दोनों को ही जून में महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया था। अभियान रणनीतिकारों-सह-प्रबंधकों ने मध्य प्रदेश को पार्टी की झोली में डालकर एक बार फिर अपनी क्षमता साबित की है। यादव और वैष्णव को बीजेपी सरकार व राजनीतिक रणनीतिकार के रूप में बेहतरीन स्टाइक रेट देने वाले के रूप में देखती है।

- Advertisement -

बोले पीएम मोदी- एकजुट होकर भरेंगे ऊंची उड़ान, झारखंड के लिए हेमंत सोरेन को बधाई

महाराष्ट्र में एनडीए की भारी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि विकास और सुशासन की जीत हुई। मोदी ने एक्स पर लिखा कि एकजुट होकर हम और भी ऊंची उड़ान भरेंगे! उन्होंने कहा कि एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए महाराष्ट्र की मेरी बहनों और भाइयों, विशेषकर राज्य के युवाओं और महिलाओं को हार्दिक आभार। यह स्नेह और गर्मजोशी अद्वितीय है। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हमारा गठबंधन महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करता रहेगा। जय महाराष्ट्र! मैं झारखंड के लोगों को हमारे प्रति उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हम लोगों के मुद्दों को उठाने और राज्य के लिए काम करने में हमेशा आगे रहेंगे।

राहुल गांधी बोले अप्रत्याशित, विश्लेषण करेंगे, झारखंड में जीत के लिए हेमंत सोरेन को दी बधाई

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के फ्लॉप शो के बाद राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र के नतीजे अप्रत्याशित हैं। इनका हम विस्तार से विश्लेषण करेंगे। प्रदेश के सभी मतदाता भाई-बहनों को उनके समर्थन और सभी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत के लिए धन्यवाद। झारखंड के लोगों का ‘इंडिया’ को विशाल जनादेश देने के लिए दिल से धन्यवाद। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, कांग्रेस और झामुमो के सभी कार्यकर्ताओं को इस विजय के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गठबंधन की यह जीत संविधान के साथ जल-जंगल-ज़मीन की रक्षा की जीत है।

- Advertisement -

जीत के पैमाने पर सवाल : उद्धव

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में महायुति की जीत पर सवाल खड़े किए हैं। उद्धव ने महाराष्ट्र के लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया, लेकिन एनडीए की जीत के पैमाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि परिणाम दर्शाते हैं कि लहर नहीं बल्कि सुनामी थी। लेकिन मुझे समझ नहीं आता कि उन्होंने यह जनादेश पाने के लिए क्या किया। एनडीए 230 से अधिक सीटों पर आगे चल रहा था, और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) लगभग 50 निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त के साथ काफी पीछे रहकर संघर्ष करती हुई दिखाई दी।

- Advertisement -

असली संघर्ष तो अब शुरू हुआ है : अखिलेश, बोले- असत्य का समय हो सकता है, युग नहीं

उत्तर प्रदेश उपचुनाव परिणामों को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि ‘इलेक्शन’ को ‘करप्शन’ का पर्याय बनानेवालों के हथकंडे तस्वीरों में क़ैद होकर दुनिया के सामने उजागर हो चुके हैं। दुनिया से लेकर देश और उत्तर प्रदेश ने इस उपचुनाव में चुनावी राजनीति का सबसे विकृत रूप देखा। असत्य का समय हो सकता है, लेकिन युग नहीं। अब तो असली संघर्ष शुरू हुआ है… बाँधो मुट्ठी, तानो मुट्ठी और पीडीए का करो उद्घोष ‘जुड़ेंगे तो जीतेंगे!’

बोले हेमंत सोरेन, शानदार रहा प्रदर्शन, पीएम मोदी का भी किया धन्यवाद

झारखंड विधानसभा चुनाव नतीजों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक बड़ा झटका दिया है। झामुमो के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक ने बढ़त हासिल कर ली है। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आज झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे आ गए हैं। मैं सभी समुदायों के लोगों और राज्य के सभी किसानों, महिलाओं और युवाओं को बहुमत के साथ वोट देने और इस चुनाव को सफल बनाने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं उन सभी नेताओं को भी धन्यवाद देता हूं, जो मैदान में थे और लोकतंत्र की ताकत को लोगों तक ले गए।

- Advertisement -

पश्चिम बंगाल में एक सीट के लिए तरसी बीजेपी, ममता बनर्जी की टीएमसी ने कर दिया बड़ा खेल

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनावों में क्लीन स्वीप हासिल कर लिया है। टीएमसी ने अलीपुरद्वार जिले के महत्वपूर्ण मदारीहाट निर्वाचन क्षेत्र सहित सभी छह सीटों पर जीत हासिल की है। यह जीत टीएमसी के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि मदारीहाट भाजपा का गढ़ रहा है, जहां भाजपा ने 2021 के चुनावों में 29,000 वोटों की बढ़त हासिल की थी। यह परिणाम परंपरागत रूप से भाजपा का गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र में भाग्य के नाटकीय उलटफेर का प्रतीक है।

- Advertisement -
error: Content is protected !!