भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की हालिया कीमत बढ़ोतरी की तीव्र आलोचना की है। उन्होंने केंद्र सरकार से तुरंत करों में कमी करने और आम जनता व छोटे व्यवसायों को राहत पहुंचाने की मांग की है।
मध्य प्रदेश के कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतें रविवार से फिर से बढ़ाई गईं, जिससे सिलेंडरों की कीमतों में लगभग 44 रुपए तक की वृद्धि हुई है। भोपाल में अब कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,116.50 रुपए हो गई है, जबकि इंदौर में यह 3,222.50 रुपए, जबलपुर में 3,290 रुपए, ग्वालियर में 3,338.50 रुपए और उज्जैन में 3,250 रुपए तक पहुंच गई है।
बाजार आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन महीनों के भीतर ही कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में लगभग 1,300 रुपए की भारी बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 1 मई को भी कीमतों में संशोधन किया गया था।
कमल नाथ ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में बार-बार वृद्धि करके आम जनता की जेब खाली कर रही है और महंगाई की मार बढ़ा रही है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा सरकार देश के लोगों पर हर तरफ से महंगाई थोप रही है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ौतरी के बाद अब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें भी बढ़ा दी गई हैं।
कमल नाथ ने दावा किया कि इस समस्या का कारण वैश्विक ईंधन कीमतों से कहीं अधिक केंद्र सरकार की कराधान नीतियां हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार करों में कटौती करे तो इससे उपभोक्ताओं को तुरंत राहत मिल सकती है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मौजूदा शादी के मौसम में बढ़ती एलपीजी कीमतों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जुलाई तक मध्य प्रदेश में 20,000 से अधिक शादियां होने की संभावना है, जिसके चलते होटलों, खानपान व्यवसायों और खाद्य विक्रेताओं को अपनी परिचालन लागत में भारी वृद्धि का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, “कई व्यवसायों ने अपनी सेवाओं के लिए पहले से एडवांस बुकिंग स्वीकार कर ली है। अब उन्हें या तो नुकसान उठाना होगा या फिर अतिरिक्त लागत ग्राहकों पर डालनी पड़ेगी।”
नाथ ने सरकार से अनुरोध किया कि वह जनता को परेशान करना बंद करे, कर कम करे और महंगाई को नियंत्रित कर आम लोगों को राहत प्रदान करे।

