महाराष्ट्र मिल्क फेडरेशन विवाद पर सीएम विष्णुदेव साय का पलटवार, राहुल गांधी पर साधा निशाना

Chhattisgarh Rashtrabaan

    रायपुर : महाराष्ट्र मिल्क फेडरेशन चुनाव में कथित मिलावट के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अपनी कथनी और करनी के कारण कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। लगातार चुनावों में हार का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बौखलाहट में भ्रामक प्रचार कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।

    जशपुर दौरे से लौटने के बाद रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। चक्रवात ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ से हुए नुकसान को लेकर उन्होंने बताया कि सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। चक्रवात के कारण जहां भी फसलों को नुकसान पहुंचा है या मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहां सर्वे कराया जाएगा। पूरी तरह ध्वस्त हुए मकानों का भी आकलन कर नुकसान की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।

    पटवारियों की हड़ताल पर भी दिया बयान

    पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और सरकार की सख्ती को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारी हितैषी है। कर्मचारियों को काम पर लौटना चाहिए। वे अपनी मांगों को दूसरे तरीकों से भी सरकार के सामने रख सकते हैं। काम बंद रखने से आम जनता और प्रदेश का नुकसान होता है।

    कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर भी साधा निशाना

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसका आयोजन कई जिलों में हो चुका है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इस अभियान में शामिल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर में आयोजित रैली में भी वे शामिल होंगे।

    error: Content is protected !!