भैरोगंज शराब दुकान, खुलते ही मचा बवाल; नशे में अभद्रता और थाने में लंबी मशक्कत के बाद भी नहीं दर्ज हुई एफआईआर

Rashtrabaan
Highlights
  • आरोपी ने एससी/एसटी एक्ट के तहत झूठा मामला कायम करवाने की दी धमकी
  • क्षेत्रीय नागरिकों में रोष, महिला सुरक्षा पर उठे सवाल

सिवनी, राष्ट्रबाण। शहर के भैरोगंज क्षेत्र में नई शराब दुकान के खुलते ही स्थानीय निवासियों का वह डर सच साबित हो गया, जिसकी आशंका वे लगातार जता रहे थे। दुकान के संचालन के पहले ही दिन से क्षेत्र का माहौल गरमा गया और शराबियों का आतंक सामने आने लगा। दुकान खुलने के चंद घंटों के भीतर ही एक शराबी युवक द्वारा स्थानीय महिला के साथ सरेराह गाली-गलौज और अभद्रता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सरेराह अभद्रता और पीड़िता का संघर्ष

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैरोगंज क्षेत्र में शराब दुकान के संचालन के विरोध के स्वर पहले से ही गूंज रहे थे। निवासियों को अंदेशा था कि इस दुकान के खुलने से इलाके का शांत माहौल खराब होगा और आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उनका यह डर तब हकीकत बन गया जब एक नशे में धुत युवक ने स्थानीय महिला के साथ बहस करते हुए भद्दी भद्दी गालियों का प्रयोग किया।

घटना से आहत महिला जब अपनी शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाना पहुंची, तो उसे न्याय पाने के लिए भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। थाना परिसर में उसे लंबी जद्दोजहद करनी पड़ी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी युवक के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी थी।

न्याय मांगने पर उल्टा धमकी का खेल

मामला तब और अधिक जटिल हो गया जब पीड़िता पर दबाव बनाने के लिए उल्टे पैंतरे अपनाए जाने लगे। आरोप है कि गाली-गलौज और उपद्रव करने वाले युवक की ओर से पीड़िता और उसके समर्थकों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, आरोपी ने एससी/एसटी एक्ट के तहत झूठा मामला कायम करवाने की धमकी देकर पुलिस तंत्र को भी उलझाने का प्रयास किया। एक तरफ जहां पीड़िता न्याय के लिए थाने के चक्कर काटती रही, वहीं दूसरी तरफ उपद्रवी तत्व थाने के भीतर ही अपनी धौंस जमाते हुए नजर आए।

क्षेत्रीय नागरिकों में रोष, सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद भैरोगंज क्षेत्र के रहवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नागरिकों का कहना है कि यदि शराब दुकान के खुलते ही पहले दिन इस तरह की गुंडागर्दी और मनमानी शुरू हो गई है, तो आने वाले दिनों में स्थिति कितनी भयावह होगी, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

बता दें कि शराब दुकान का विरोध करते समय क्षेत्रवासियों को प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों ने सुरक्षा का आश्वासन दिया था लेकिन वह आश्वासन अब हवा में उड़ते नजर आ रहे है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि भैरोगंज क्षेत्र से इस शराब दुकान को शीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया गया और दोषी युवक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। फिलहाल, इस घटना ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

error: Content is protected !!