मोदी और जेलेंस्की के बीच अहम बातचीत, यूक्रेन युद्ध खत्म कराने में भारत निभाएगा भूमिका

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • पीएम मोदी ने जेलेंस्की से कहा- युद्ध का समाधान बातचीत और कूटनीति से ही संभव, शांति प्रयासों में भारत देगा पूरा सहयोग
  • दोनों नेताओं ने युद्ध के ताजा हालात पर की चर्चा, भारत-यूक्रेन के द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर दिया जोर

नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने युद्ध की मौजूदा स्थिति, शांति प्रयासों और भारत-यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत तैयार

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन संकट पर भारत का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही निकाला जा सकता है। पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों में सार्थक योगदान देने को पूरी तरह तैयार है।

भारत ने दोहराया मानव-केंद्रित दृष्टिकोण

प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान संकट को लेकर भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को भी सामने रखा। वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने युद्ध के मौजूदा हालात और हालिया घटनाक्रमों की जानकारी साझा की। दोनों नेताओं ने संघर्ष से जुड़े घटनाक्रमों पर अपने विचार रखे और क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की।

द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर भी जोर

फोन पर हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के बीच आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई। उन्होंने दोनों देशों के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग जारी रखने और उसे मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हुई यह बातचीत भारत की उस कूटनीतिक भूमिका को दर्शाती है, जिसमें वह संवाद और शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों को महत्व देता रहा है।

error: Content is protected !!