लंदन में भारतीय युवती की हत्या से सनसनी, 31 वर्षीय रजत जसवाल गिरफ्तार

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • चेर्टसी रोड स्थित घर में गंभीर हालत में मिलीं नवनीत कौर, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
  • 31 वर्षीय रजत जसवाल पर हत्या और घातक हथियार रखने का आरोप, पुलिस की जांच जारी

लंदन, राष्ट्रबाण। ब्रिटेन की राजधानी लंदन में भारतीय मूल की 26 वर्षीय नवनीत कौर की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के सिलसिले में पुलिस ने भारतीय मूल के 31 वर्षीय युवक रजत जसवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उस पर हत्या और जान को खतरे में डालने के इरादे से घातक हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं।

वेलफेयर चेक के दौरान घर में गंभीर हालत में मिलीं नवनीत

लंदन पुलिस के अनुसार, घटना 4 नवंबर की है। पुलिस टीम चेर्टसी रोड (Chertsey Road) स्थित एक घर में नियमित वेलफेयर चेक यानी वहां रहने वाले व्यक्ति की कुशलक्षेम जानने पहुंची थी। इस दौरान अधिकारियों को नवनीत कौर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें बचाने के लिए प्रयास किए गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

भारतीय मूल के युवक पर हत्या का आरोप

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 31 वर्षीय रजत जसवाल को गिरफ्तार किया। सोमवार को आरोपी को हेंडन मजिस्ट्रेट कोर्ट (Hendon Magistrates’ Court) में पेश किया गया। अदालत में उस पर हत्या करने और जान को खतरे में डालने के इरादे से घातक हथियार अपने पास रखने के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से मांगी मदद

मामले की जांच कर रहीं डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर (DCI) सारा ली ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पुलिस की संवेदनाएं नवनीत के परिवार और दोस्तों के साथ हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी पर आरोप लगाए जाने के बावजूद पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी है या इलाके की डोरबेल अथवा डैशकैम में कोई महत्वपूर्ण फुटेज रिकॉर्ड हुई है, तो वे पुलिस से संपर्क करें।

परिवार को दी गई सूचना, विशेषज्ञ अधिकारी कर रहे मदद

अधिकारियों के मुताबिक, नवनीत कौर के परिवार को घटना की आधिकारिक सूचना दे दी गई है। इस दुखद घटना से उबरने और आगे की कानूनी प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए पुलिस के विशेषज्ञ अधिकारी लगातार परिवार के संपर्क में हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!