सीएम योगी ने 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने की योजना का किया शुभारंभ, 50 हजार छात्र-छात्राओं को बांटे टैबलेट

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 25 लाख युवाओं को मिलेंगे टैबलेट, 50 हजार छात्र-छात्राओं को सौंपे गए उपकरण
  • सीएम योगी ने पिछली सरकार पर साधा निशाना, कहा- अब युवाओं को नौकरी के लिए न सिफारिश की जरूरत और न रिश्वत की

लखनऊ। राष्ट्रबाण। उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 25 लाख युवाओं को टैबलेट वितरित करने की योजना की शुरुआत की। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट सौंपे। इस कार्यक्रम में लखनऊ के अलावा उन्नाव, सीतापुर और हरदोई जिलों के विद्यार्थी भी शामिल हुए।

50 हजार विद्यार्थियों को सौंपे टैबलेट

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वे प्रत्येक लाभार्थी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनके साथ सेल्फी लें, लेकिन योजना का दायरा काफी बड़ा होने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना और उन्हें शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

भर्ती प्रक्रिया को लेकर पिछली सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी नौकरियों में चाचा-भतीजे वसूली करने निकल पड़ते थे। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में युवाओं को नौकरी पाने के लिए न किसी सिफारिश की जरूरत है और न ही रिश्वत देनी पड़ती है। उनकी सरकार ने युवाओं के सामने पहचान का संकट समाप्त किया है।

उत्तर प्रदेश की बदली पहचान, औद्योगिक विकास का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की पहचान में बदलाव आया है। अब प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल और कानपुर में राइफल जैसे रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने माफिया द्वारा कब्जाई गई जमीन पर फोरेंसिक संस्थान के निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि कार्रवाई के बाद माफिया को पीछे हटना पड़ा। उन्होंने समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय परीक्षा व्यवस्था में धांधली होती थी। परीक्षा कोई और देता था और डिग्री किसी दूसरे को मिलती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में काम किया है।

योजना से अब तक 85 लाख युवाओं को मिलेगा लाभ

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना की शुरुआत वर्ष 2021 में की गई थी। इस चरण के पूरा होने के बाद योजना के तहत कुल 85 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा होगा। सरकार का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा, तकनीकी जानकारी और रोजगार से जुड़े अवसरों तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है।

error: Content is protected !!