मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारे में पीएम मोदी ने टेका मत्था, पुनर्विकास कार्यों का किया शुभारंभ

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • खालसा दीवान गुरुद्वारे को पांच मंजिला आधुनिक परिसर के रूप में किया जाएगा विकसित
  • पीएम मोदी ने सिख समुदाय की सेवा और मानवता के योगदान को सराहा

मनीला, राष्ट्रबाण। फिलीपींस के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में मत्था टेका और वहां आयोजित अरदास में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने करीब एक सदी पुराने गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों का शुभारंभ किया। पुनर्विकास के बाद यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य परिसर के रूप में विकसित होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचने को अपने लिए सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय ने गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर पूरी दुनिया में मानवता, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने गुरुद्वारे के आध्यात्मिक महत्व को भी रेखांकित किया।

खालसा दीवान गुरुद्वारा फिलीपींस के सबसे पुराने गुरुद्वारों में शामिल है। इसकी स्थापना 1920 के दशक में हुई थी। लंबे समय से यह मनीला में रहने वाले सिख और पंजाबी समुदाय के लिए धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजना के तहत गुरुद्वारे को पांच मंजिला आधुनिक कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को अधिक स्थान और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को ही इस कार्यक्रम को लेकर अपनी खुशी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि 17 नवंबर उनके लिए विशेष दिन है, क्योंकि उन्हें इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने का मौका मिलेगा। उन्होंने गुरुद्वारे को एक सदी से अधिक पुराना बताते हुए इसके धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख किया था।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मनीला पहुंचे थे। यहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंगलवार को उन्होंने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। उनके इस दौरे के दौरान भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं की प्रस्तावित क्वाड बैठक भी महत्वपूर्ण रही। करीब दो वर्ष बाद क्वाड देशों के नेताओं की शीर्ष स्तर पर बैठक होने जा रही है।

error: Content is protected !!