नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:13 बजे मकान गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में टीमों की मदद की। अब तक छह लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। सभी घायलों को उपचार के लिए डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बचाव दल मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए लगातार तलाशी अभियान चला रहा है। फिलहाल मकान गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। हादसे की जांच की जा रही है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही घटना में प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



