बालाघाट : बैहर के आंगनवाड़ी केंद्र भारी में बदहाल व्यवस्था

Rashtrabaan
Highlights
  • सीमेंट की खाली बोरियों पर बैठने को मजबूर नौनिहाल, दो साल से दरी-पट्टी तक नसीब नहीं

    बालाघाट, राष्ट्रबाण। प्रदेश सरकार एक ओर जहां नौनिहालों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और समग्र विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं संचालित करने का दावा करती है, वहीं बालाघाट जिले के बैहर मुख्यालय अंतर्गत ग्राम भारी स्थित आंगनवाड़ी नर्सरी स्कूल की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। केंद्र में बुनियादी सुविधाओं के अभाव का आलम यह है कि मासूम बच्चों को पढ़ने के लिए दरी-पट्टी तक नसीब नहीं हो पा रही है, जिसके चलते उन्हें जमीन और सीमेंट की खाली बोरियों पर बैठकर अक्षर ज्ञान लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।

    जानकारी के अनुसार, भारी आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के बैठने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। केंद्र के बाहर मासूम बच्चे सीधे कच्ची जमीन पर बैठे नजर आते हैं, वहीं कमरे के भीतर दरी या चटाई की जगह सीमेंट की खाली बोरियों को मोड़कर बिछाया गया है। स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिहाज से भी यह स्थिति छोटे बच्चों के लिए बेहद चिंताजनक मानी जा रही है, लेकिन व्यवस्था में सुधार की दिशा में कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।

    बदहाली का दृश्य : आंगनवाड़ी नर्सरी स्कूल भारी में सीमेंट की बोरी में बैठने को मजबूर

    दो साल से दरी-पट्टी का इंतजार, सरकारी सामग्री नदारद

    इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य केंद्र की व्यवस्था से जुड़ा सामने आया है। आंगनवाड़ी केंद्र की सहायिका के अनुसार, पिछले दो वर्षों से बच्चों के बैठने के लिए नई दरी-पट्टी उपलब्ध ही नहीं कराई गई है। इसके अतिरिक्त, शासन की ओर से बच्चों के शारीरिक विकास और योगाभ्यास के लिए उपलब्ध कराई गई मैटिंग और अन्य खेल व अभ्यास सामग्रियां भी केंद्र से नदारद पाई गईं। जानकारी के मुताबिक, योगाभ्यास के लिए मिली मैटिंग केंद्र में बच्चों के उपयोग के बजाय घर पर रखे होने की बात सामने आई है। जब इस अव्यवस्था और सरकारी सामग्रियों की अनुपस्थिति को लेकर आंगनवाड़ी सहायिका से सवाल किए गए, तो वे स्पष्ट जवाब देने से बचती नजर आईं।

    निगरानी तंत्र और जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

    बैहर मुख्यालय के नजदीक स्थित इस आंगनवाड़ी केंद्र की स्थिति ने महिला एवं बाल विकास विभाग के निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि जब केंद्र में बच्चों के बैठने जैसी बुनियादी सुविधा ही दो साल से नदारद है, तो पोषण आहार और प्री-स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। यह स्थिति तब है जब विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण और केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए बजट आवंटित किया जाता है।

    प्रशासनिक जवाबदेही की दरकार

    फिलहाल, इस पूरे मामले ने स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर बहस छेड़ दी है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केंद्र का निरीक्षण कर दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई और बच्चों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए, तो शासन की महत्वाकांक्षी योजनाएं महज कागजों तक ही सीमित रह जाएंगी। अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कब तक संज्ञान लेते हैं और भारी के इन नौनिहालों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में पढ़ने का अधिकार कब मिल पाता है।

    Read Also : बैतूल : रेत माफिया की मनमानी, खनिज विभाग मेहरबान!

    error: Content is protected !!