बैतूल : कलेक्टर साहब… आखिर किसके संरक्षण में चल रही अवैध कोयला खदानें?

Rashtrabaan
Highlights
  • चोपना में भी रातों-रात पैदा हो रहा है काला विकास, पुलिस और खनिज विभाग की निगरानी पर उठे गंभीर सवाल
  • डुलारा गांव से निकल रहा कोयला घोड़ाडोंगरी और शाहपुर के रास्ते भोपाल-इंदौर तक पहुंचने की चर्चा

    बैतूल, राष्ट्रबाण। जिले में एक ओर गरीब ट्रैक्टर संचालक रेत के कारोबार से अपनी रोजी-रोटी चलाने के लिए तमाम नियमों और प्रतिबंधों के बीच संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चोपना क्षेत्र में कथित अवैध कोयला उत्खनन का कारोबार रातों-रात फलता-फूलता नजर आ रहा है। सवाल यह है कि जब रेत परिवहन करने वाले स्थानीय ट्रैक्टर चालकों पर वन विभाग और पुलिस प्रशासन सख्ती दिखाने में पीछे नहीं हटता, तो फिर चोपना क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे बड़े पैमाने के अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई क्यों नजर नहीं आती?

    चोपना क्षेत्र का डुलारा गांव कोयले के कथित अवैध कारोबार को लेकर लंबे समय से चर्चाओं में बताया जाता है। यहां से रात के अंधेरे में कोयला निकालकर घोड़ाडोंगरी और शाहपुर के रास्ते भोपाल तथा इंदौर जैसे बड़े बाजारों तक पहुंचाए जाने की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो यह केवल अवैध खनन का मामला नहीं, बल्कि जिले के खनिज राजस्व और प्रशासनिक निगरानी से जुड़ा गंभीर सवाल है।

    कुछ दिनों पहले घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी में एक डंपर पर कार्रवाई कर उसे चौकी परिसर में खड़ा किए जाने की चर्चा भी सामने आई थी। लेकिन सवाल यह है कि क्या एक डंपर पर कार्रवाई कर देना ही पर्याप्त है? चोपना क्षेत्र में यदि बड़े स्तर पर कोयले का अवैध उत्खनन और परिवहन हो रहा है तो उसकी जड़ तक पहुंचने की जिम्मेदारी किसकी है?

    रेत के टोकन पर सख्ती, कोयले की गाड़ियों पर खामोशी क्यों?

    जिले में रेत कारोबार से जुड़े स्थानीय ट्रैक्टर संचालकों का आरोप है कि उन्हें कंपनी के टोकन और परिवहन व्यवस्था को लेकर लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर चोपना क्षेत्र में कथित अवैध कोयला परिवहन की गाड़ियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आखिर ऐसा कौन-सा कारण है कि एक तरफ छोटे वाहन प्रशासन की निगरानी में आ जाते हैं और दूसरी तरफ कथित तौर पर बड़े पैमाने पर कोयला परिवहन की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती?

    क्या चोपना क्षेत्र से निकलने वाली इन कोयले की गाड़ियों की जांच नियमित रूप से होती है? क्या इनके पास वैध खनन और परिवहन संबंधी दस्तावेज हैं? यदि नहीं, तो ये वाहन किसकी अनुमति और किस व्यवस्था के तहत जिले की सीमाओं से बाहर तक पहुंच रहे हैं? इन सवालों का जवाब पुलिस और खनिज विभाग को देना चाहिए।

    गांधीग्राम और तवा थ्री में अड़चनें, चोपना में कथित निजी खदानें कैसे?

    एक ओर गांधीग्राम और तवा थ्री जैसी खदानों को शुरू करने में सैकड़ों प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनें सामने आती हैं, वहीं दूसरी ओर चोपना क्षेत्र में कथित रूप से निजी स्तर पर कोयला उत्खनन की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें गंभीर चिंता पैदा करती हैं। यदि बिना वैध अनुमति के खदानें संचालित हो रही हैं तो यह खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

    कलेक्टर साहब और जिला खनिज अधिकारी को चाहिए कि डुलारा सहित चोपना क्षेत्र में कोयले के उत्खनन स्थलों, परिवहन मार्गों और संबंधित डंपरों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि अब तक कितनी शिकायतें प्राप्त हुईं और उन पर क्या कार्रवाई की गई।

    प्रशासन बताए, आखिर किसके भरोसे चल रहा है यह काला विकास?

    यह मामला किसी एक गांव या एक डंपर तक सीमित नहीं है। यदि अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सही हैं तो इसके पीछे काम कर रहे लोगों, कोयले के खरीदारों और परिवहन नेटवर्क की पहचान होना जरूरी है। पुलिस प्रशासन, वन विभाग, तहसील प्रशासन और खनिज विभाग के बीच समन्वय बनाकर जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

    अब सवाल सीधे कलेक्टर साहब से है कि जब जिले में छोटे ट्रैक्टर संचालकों पर नियमों का डंडा चलाने में प्रशासन तत्पर दिखाई देता है, तो चोपना क्षेत्र में कथित अवैध कोयला खदानों और बड़े परिवहन नेटवर्क की जांच के लिए वैसी ही तत्परता क्यों नहीं दिखाई देती? गरीब की रोजी-रोटी पर सख्ती और कथित अवैध कारोबार पर चुप्पी आखिर कब तक? चोपना के इस काले विकास की निष्पक्ष जांच अब जरूरी हो गई है।

    Read Also : बालाघाट : बैहर के आंगनवाड़ी केंद्र भारी में बदहाल व्यवस्था

    TAGGED:
    error: Content is protected !!