Riwa News: श्रद्धालुओं पर बिजली का तार, मची भगदड़

Rashtrabaan
Highlights
  • 20 से ज्यादा लोग आए करंट की चपेट में, 4 की गंभीर रूप से घायल

रीवा, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश के रीवा में एक दर्दनाक हादसा होने की खबर सामने आ रही है। यहां शिव मंदिर देवतालाब में बिजली का तार टूटकर गिरने से 20 से ज्यादा श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गए। 15 से ज्यादा श्रद्धालु गंभीर घायल हुए हैं। इनमें से 4 की हालत ज्यादा नाजुक बताई जा रही है। जिन्हें रीवा शहर के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इनका उपचार जारी है। बता दें कि देवतालाब प्राचीन मंदिर लौर थाना इलाके में है। यह मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम का गृह क्षेत्र भी है। सावन के चौथे सोमवार पर श्रद्धालु यहां बड़ी संख्या में जुटे थे। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, तब मंदिर और परिसर में 3 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। करंट फैलने से श्रद्धालुओं में भगदड़ भी मची। कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी विवेक सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली। घायलों को जिले के मऊगंज, नईगड़ी, देवतलाब के अस्पतालों में भी ले जाया गया है। एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, मैं सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं प्रत्यक्षदर्शी रामायण प्रसाद मिश्रा ने बताया, घटना सुबह 11.30 बजे की है। चरण तलैया के बाजू वाली गली से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर यह घटना हुई है। नीचे पानी था, इस वजह से करंट फैल गया। रामायण प्रसाद मिश्रा की पत्नी सविता मिश्रा इस घटना में घायल हुई हैं। उन्हें रीवा लाया गया है।

बहुत बड़ी दुर्घटना नहीं है: विधायक प्रदीप पटेल
विधायक प्रदीप पटेल मऊगंज के अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया, मंदिर में भीड़ ज्यादा थी। करंट फैलने से भगदड़ भी मची है। घायलों का इलाज अच्छे से हो सके, इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई गई हैं। मऊगंज में 12 लोग लाए गए। बहुत बड़ी कैजुअल्टी नहीं हुई है। फिर भी जैसी जरूरत होगी, सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी।

- Advertisement -
error: Content is protected !!