बेंगलुरु, राष्ट्रबाण। बजरंगबली के झण्डे को लेकर कर्नाटक के मांड्या में 2 गुटों में बवाल शुरू हो गया है। जिसके बाद जिला प्रशासन द्वारा गांव में धारा 144 लागू कर दी गई है। और बड़े पैमाने पर पुलिस फोर्स भी तैनात है। यह पूरा मामला बीते सप्ताह से शुरू हुआ था, जब कुछ युवकों के ग्रुप ने 108 फुट ऊंचे पोल में हनुमान जी का झंडा लगा दिया था। ग्राम पंचायत की ओर से इस झंडे को लगाने की परमिशन दी गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी। इसके बाद अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों से निवेदन किया गया कि वे झंडे को हटा दें। गांव के ज्यादातर लोगों का कहना है कि यह झंडा हमारी आस्था का सवाल है और कुछ लोग इस पर राजनीति कर रहे हैं। ग्रामीणों के साथ भाजपा, जेडीएस और बजरंग दल के लोग भी उतर आए हैं। गांव में प्रदर्शन भी चल रहा है।
विवाद ने लिया राजनीति रंग…
इस विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। जब स्थानीय कांग्रेस विधायक रवि कुमार के पोस्टरों को फाड़ दिया गया। इसके बाद कांग्रेसी भी मैदान में उतर आए और फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति है। हालात बिगड़ने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। भाजपा और हिंदू एक्टिविस्टों ने झंडे को हटाने का विरोध किया है। भाजपा ने तो ऐलान कर दिया है कि यदि झंडा हटाया गया तो फिर कर्नाटक के सभी जिलों में आंदोलन किया जाएगा। सोमवार को भाजपा के कार्यकर्ता बेंगलुरु में भी मैसुरू बैंक सर्किल के पास जुटे हैं। इस दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में भाजपा के लोगों को हिरासत में लिया है।