खंडवा, राष्ट्रबाण। बारिश के चलते पिछले 4 दिनों से टल रहे कार्यक्रम के बाद आखिरकार सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को खंडवा के ओंकारेश्वर में 108 फीट ऊंची आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा के अनावरण से पहले उन्होंने पत्नी के साथ पूरे विधि-विधान से साधु संतों के साथ पूजा-अर्चना की। सीएम के साथ स्वामी अवधेशानंद गिरि भी मौजूद रहे। आयोजकों ने परंपरागत तरीके से सीएम और स्वामी अवधेशानंद का स्वागत किया। जिसमें केरल के कलाकारों ने नृत्य किया। विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। कार्यक्रम स्थल पर लगभग पांच हजार संत, महंत और प्रतिनिधि मौजूद थे।
साधु संत हुए प्रसन्न, कहा सनातन धर्म को मिलेगी नही राह…
प्रतिमा के अनावरण पर साधु संतों ने जताई खुशी। उन्होंने कहा कि इससे सनातन धर्म को नई दिशा मिलेगी। बता दें कि आठवीं शताब्दी के दार्शनिक और हिंदू धर्म में प्रतिष्ठित शंकराचार्य की 108 फुट ऊंची अष्टधातु से बनी प्रतिमा का नाम एकात्मता प्रतिमा रखा गया है। यह विशाल प्रतिमा नर्मदा नदी के किनारे सुरम्य मांधाता पहाड़ी के ऊपर स्थित है। शंकराचार्य को सनातन धर्म को आगे बढ़ाने वाला संत माना जाता है। पहले इस प्रतिमा का अनावरण 18 सितंबर को होना था लेकिन भारी बारिश की वजह से कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।