अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के सफल कार्यकाल पर धार्मिक और आध्यात्मिक जगत से जुड़े कई प्रमुख संतों और धर्मगुरुओं ने अपने मत प्रकट किए। पद्म भूषण से सम्मानित साध्वी ऋतंभरा एवं हिंदू धर्मगुरु करपात्री महाराज ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुई उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें देश के हित में एक प्रेरणादायक नेतृत्व बताया।
साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि मोदी सरकार के वर्षो में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनना देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल राम मंदिर निर्माण को संभव बनाया बल्कि देश के विकास और विश्व स्तर पर भारत की साख को भी मजबूत किया। उनके नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हासिल की है।
साध्वी ऋतंभरा ने गोवंश संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि पीएम मोदी से उम्मीद है कि वे देश में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करें। उनका मानना है कि इससे देश की संस्कृति और परंपराओं की रक्षा होगी तथा समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यकाल को विकास और सामरिक उन्नति का युग बताया और आशा जताई कि देश के भविष्य के लिए ये कार्य जारी रहेंगे।
इस अवसर पर करपात्री महाराज ने भी प्रधानमंत्री के 12 साल के शासन को सराहनीय बताया। उनका कहना था कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश ने न केवल आर्थिक बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और वैश्विक क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता, सूझबूझ तथा कुशल नेतृत्व ने अनेकों जटिल राष्ट्रीय मुद्दों, जैसे अनुच्छेद 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण और अन्य बड़े फैसले सफलतापूर्वक लागू किए।
करपात्री महाराज ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘अवतारी पुरुष’ कहा और विश्व के कई देश अब भारत के साथ घनिष्ठ मित्रता निभाते हैं। उन्होंने महर्षि विश्वामित्र और भगवान राम के संबंध की उपमाओं के माध्यम से बताया कि किस प्रकार वर्तमान में प्रधानमंत्री मोदी देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं और भारत के हितों को वैश्विक स्तर पर मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
साथ ही स्वामीनारायण मंदिर के एनवी स्वामी ने भी इस अवसर पर कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में चौतरफा विकास हुआ है, खासकर धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के सम्बंध में भी। उन्होंने बताया कि अयोध्या, काशी, केदारनाथ जैसे धर्मस्थलों का समुचित विकास हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति के उत्थान के लिए भी अनेक प्रयास किए हैं।
एनवी स्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल समाज के सभी वर्गों के विकास की भावना से पूर्ण है और उनका यह योगदान आने वाले समय में भी जारी रहेगा। उन्होंने आशा जताई कि देश के हित में पीएम मोदी का नेतृत्व और अधिक सफल एवं प्रगतिशील रहेगा।

