जबलपुर, राष्ट्रबाण। जबलपुर में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसके बाद सनसनी फैल गई। दरअसल प्रेम प्रसंग मामले में युवती के पिता द्वारा युवक के घर फायरिंग कर दी गई। इस वारदात में युवक के पिता की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद आरोपी पिता फरार बताया जा रहा है। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। युवती के पिता को आशंका है कि उसकी बेटी को युवक भगा ले गया है। इसी आशंका के चलते यह गोली कांड हुआ है। मृतक का नाम धन सिंह है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर चरगवां थाना पुलिस पहुंची और घायल धन सिंह ओर चाचा हल्के सिंह को इलाज के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया। जहां डॉक्टर ने धन सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने धन सिंह की हत्या के मामले में श्याम सिंह पटेल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है। गौरतलब हो धन सिंह चढ़ार का बेटा शनिवार की सुबह से ही घर से गायब था। वहीं श्याम सिंह की बेटी भी घर पर नही थी। श्याम सिंह को शक था कि धन सिंह बेटे के साथ ही उसकी बेटी कहीं चली गई है। रविवार की सुबह श्याम सिंह ने चरगवां थाने जाकर रिपोर्ट लिखवाई की उसकी बेटी शनिवार से गायब है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद श्याम सिंह मौके से फरार बताया जा रहा है।