चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा बढ़ा, आंध्र-ओडिशा में रेड अलर्ट

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • खराब मौसम के चलते 53 ट्रेनें रद्द, विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा की उड़ानों पर भी असर की आशंका।

    नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘अर्नब’ गंभीर रूप ले चुका है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मछली पकड़ने और नावों के संचालन पर रोक लगा दी गई है, जबकि बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है।
    भारतीय मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के एलुरु, एनटीआर, कृष्णा, कोनासीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, गुंटूर, विशाखापत्तनम और अन्य जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। चक्रवात के बुधवार सुबह तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के आसपास तट पार करने की संभावना जताई गई है।
    आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संभावित खतरे को देखते हुए 1,763 चक्रवात आश्रय स्थलों की पहचान की है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
    चक्रवात के असर से ओडिशा की राजधानी सहित कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। पुरी जिले के कुछ हिस्सों में जलभराव से लोगों और जगन्नाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिल्का झील में पर्यटन और मछली पकड़ने वाली नावों के संचालन पर भी 26 से 29 अक्टूबर तक रोक लगाई गई है।
    वहीं, मौसम विभाग ने झारखंड के रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में 28 अक्टूबर सुबह से 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
    चक्रवात के खतरे को देखते हुए रेलवे ने 27 और 28 अक्टूबर को 53 ट्रेन सेवाएं रद्द करने का फैसला किया है। कुछ ट्रेनों के मार्ग और संचालन में भी बदलाव किया गया है। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
    एयर इंडिया ने यात्रा संबंधी एडवाइजरी जारी कर विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाली उड़ानों पर खराब मौसम का असर पड़ने की आशंका जताई है। यात्रियों को फ्लाइट का स्टेटस जांचने और एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है।

    error: Content is protected !!