बालाघाट, राष्ट्रबाण । बुधवार को जिले के लामता क्षेत्र के धान खरीदी केंद्र चरेगांव में किसान गर्जना के पदाधिकारी सदस्यों द्वारा औचक निरीक्षण कर किसानों की समस्याएं जानी गई, वहीं किसानों से 40 किलो 600 ग्राम के स्थान पर 40 किलो 990 ग्राम धान खरीदी करते हुए खरीदी प्रबंधन को पाया गया। जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए किसान गर्जना के पदाधिकारी व सदस्य द्वारा तत्काल ही वीडियो बनाकर वायरल किया गया है। किंतु अभी तक धान खरीदी प्रभारी, प्रबंधक या अन्य स्टाफ पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिसकी पुष्टि करने के लिए गुरुवार को मीडिया कर्मी धान खरीदी केंद्र पहुंचे जहां पर धान खरीदी केंद्र प्रभारी और प्रबंधक अनुपस्थित थे।

नोडल अधिकारी सुश्री एकता दुबे से चर्चा की गई जिन्होंने बताया कि उनके द्वारा 40 किलो 600 ग्राम धान ही तौल करने के लिए कहा गया है। उन्हें किसानों से अधिक धान लेकर ठगे जाने की जानकारी नहीं है फिर भी वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए तौल करने वाले सभी कर्मचारियों को हिदायत दी जाएगी। कुछ एक धान खरीदी केंद्र को छोड़कर बहुत से खरीदी केंद्रों में मजदूरों के अलावा किसान भी कट्टी में धान पलटने व धान तौलने, कांटा करने का काम समिति के मजदूरों के साथ धान उपार्जन खरीदी केंद्रों में किसान भी स्वयं काम कर रहे हैं।