सिवनी : साहब के निकलते ही गायब हो जाता है ट्रैफिक का जोश!

Rashtrabaan

    सिवनी, राष्ट्रबाण। सिवनी नगर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार बाहुबली चौक इन दिनों यातायात व्यवस्था की बदहाली और ड्यूटी के प्रति कथित लापरवाही को लेकर चर्चा में है। स्थानीय लोगों और राहगीरों के बीच इस बात की खुली चर्चा है कि चौक पर मुस्तैदी का यह शो केवल तब तक चलता है, जब तक पुलिस कप्तान के गुजरने का समय रहता है।

    जैसे ही साहब का काफिला या वाहन इस मार्ग से आगे बढ़ता है, सड़क पर सीटी बजाते और हाथ उठाते दिखने वाले आरक्षकों का अंदाज बदल जाता है। कई बार देखा गया है कि ड्यूटी प्वाइंट से हटकर कोने की आड़ में मोबाइल स्क्रॉल करना या फिर पास की पान की दुकान पर बैठकर गपशप और समय बिताना आम बात बनती जा रही है।

    जाम में फंसती जनता, फुर्सत में दिखती वर्दी?

    बाहुबली चौक से हर रोज हजारों वाहन, स्कूल बसें और एम्बुलेंस गुजरती हैं। आड़े-तिरछे खड़े वाहन और बेतरतीब आवाजाही के कारण अक्सर जाम के हालात बन जाते हैं। ऐसे में आम नागरिकों का सवाल है कि जब चौक पर पुलिस बल मौजूद है, तो फिर जाम से जूझने की नौबत क्यों आती है?

    साख पर सवाल: क्या सिर्फ दिखावे तक सीमित रह गई है मुस्तैदी?

    पुलिस विभाग की छवि अनुशासन और तत्परता से जुड़ी मानी जाती है। लेकिन बाहुबली चौक के इन कथित दृश्यों ने व्यवस्था की निगरानी प्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जमीनी स्तर पर ड्यूटी की नियमित मॉनिटरिंग नहीं हुई, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे या गंभीर जाम की वजह बन सकती है।

    शहरवासियों की मांग है कि यातायात व्यवस्था को केवल अतिविशिष्ट व्यक्ति का मूवमेंट या बड़े अधिकारियों के आवागमन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि पूरे दिन एक समान सख्ती और सक्रियता के साथ लागू किया जाए, ताकि बाहुबली चौक पर आम जनता को राहत मिल सके।

    जब बड़े अफसर निकलते हैं तो चौक एकदम दुरुस्त दिखता है, लेकिन उनके जाते ही हालात फिर पुराने ढर्रे पर आ जाते हैं। पान की दुकान और मोबाइल में व्यस्तता दिखेगी तो ट्रैफिक कौन संभालेगा?

    -श्याम देशकर

    Read Also : सिवनी : सियासत में महासंग्राम, एक इंटरव्यू से दहला सत्ता का गलियारा

    error: Content is protected !!