छिंदवाड़ा , राष्ट्रबाण। जिले के चौरई थाना क्षेत्र में 7 साल की बच्ची से मारपीट का मामला सामने आया है। चौरई पुलिस ने शनिवार को प्रकरण दर्ज कर लिया है। स्वजनों का आरोप है कि बच्ची से गलत काम करने का प्रयास किया गया। घायल हालत में बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से उसे नागपुर रिफर कर दिया गया है। मामला 3 दिन पुराना बताया जा रहा है। स्वजनों का का कहना है कि उनकी बच्ची सहेली के साथ गणेश की प्रतिमा का विसर्जन करने गई थी। सहेली आधे रास्ते से वापस आ गई। रास्ते में उसे जब प्यास लगी तो वह एक ट्यूबवेल के पास अपने पास रखी बोतल में पानी भर रही थी। इतने में गांव के ही सुधीर सोनी (30) ने उसके साथ मारपीट की। उसे बुरी तरह से घायल कर दिया।आरोपित युवक उसे मक्का के खेत में ले गया। वहां उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे पीटा। जैसे – तैसे जान बचाकर बच्ची अपने घर लौटी और जानकारी दी।
फोटो दिखाकर आरोपी की हुई पहचान..
बच्ची आरोपित का नाम जलेबी बेचने वाला बता रही थी। इसके बाद उन्होंने उसे फोटो दिखाया था। उसने आरोपित की पहचान की। इसकी शिकायत चौरई थाने में की। इस बारे में एएसपी अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि बच्ची ने अपने पहले बयान में सिर्फ मारपीट का आरोप लगाया था। उससे बाकायदा महिला पुलिस अधिकारी ने बातचीत भी की थी। यदि अब परिजन इस तरह की बात कह रहे हैं तो जांच के बाद आरोपित खिलाफ धाराएं बढ़ाई जाएंगी।