धार, राष्ट्रबाण। नदी में नहाने उतरे 2 भाइयों की नदी में डूबने से मौत हो गई। दरअसल घटना कानवन थानांतर्गत ग्राम भाटबामंदा में चामला नदी की है। दोनों बालक इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। परिवार में श्राद्ध का कार्यक्रम होने से गांव आए थे। अचानक हुए हादसे के कारण गांव में शोक छा गया। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। शनिवार को भी तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई थी। दो दिन में चार बच्चों की डूबने से असमय मौत हो जाने से लोक सकते में है।
क्या था पूरा घटना क्रम..
रविवार सुबह स्वजन के साथ 18 वर्षीय अजयप्रताप सिंह पुत्र त्रिलोकप्रताप सिंह शक्तावत व 15 वर्षीय निशांत सिंह पुत्र भीष्मप्रताप सिंह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर चामला नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान तेज बहाव में दोनों भाई गड्ढे में डूब गए। पता चलते ही हाहाकार मच गया। गांववालों की खोजबीन में पता नहीं चलने पर धार से एसडीआरएफ की टीम बुलवाई गई। टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बाद में दोनों को सिविल हास्पिटल बदनावर लाया गया।