कैंसर मरीजों को बड़ी राहत: 137 दवाओं के दाम घटे, 679 ब्रांड 50% से ज्यादा सस्ते; हर साल 3,540 करोड़ की बचत का अनुमान

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी ने 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर कंपनियों का मुनाफा 30 प्रतिशत तय किया, 679 ब्रांड के दाम 50 प्रतिशत से अधिक घटे
  • सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद दवाओं की कीमतों में कटौती, मरीजों को हर साल करीब 3,540 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान

नई दिल्ली, राष्ट्रबाण। कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। देश में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की कीमतों में सोमवार से कमी लागू हो गई है। दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की नई कीमतें जारी की हैं। इनमें 679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50 प्रतिशत से अधिक घटाए गए हैं। कुछ दवाओं की कीमतों में अधिकतम 96.45 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। कीमतें कम होने से मरीजों को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।

सुप्रीम कोर्ट ने दवाओं की कीमतों पर उठाए थे सवाल

दरअसल, 22 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की दवाओं की रिटेल कीमत और मैक्सिमम रिटेल प्राइस (MRP) के बीच के अंतर पर सवाल उठाए थे। अदालत ने दवाओं की कीमतों में भारी अंतर पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि 2,700 रुपये की दवा मरीज को 27,000 रुपये में मिलना दिनदहाड़े डकैती और नरसंहार जैसा है। सुप्रीम कोर्ट की इस सख्त टिप्पणी के बाद कैंसर की दवाओं की कीमतों और कंपनियों के मुनाफे को लेकर कदम उठाए गए।

NPPA ने कंपनियों का मुनाफा 30 प्रतिशत तय किया

सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद 17 अक्टूबर को नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने 137 गैर-अनुसूचित यानी नॉन-शिड्यूल्ड कैंसर दवाओं पर कंपनियों का मुनाफा 30 प्रतिशत तय कर दिया था। इसी फैसले के बाद दवा कंपनियों ने कीमतों में कटौती करते हुए नई दरें जारी की हैं।

विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर हुई कार्रवाई

दवाओं की कीमतें कम करने की सिफारिश डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज के तहत गठित विशेषज्ञ समिति ने की थी। इस समिति में देशभर के प्रमुख ऑन्कोलॉजिस्ट, चिकित्सा विशेषज्ञ, अस्पतालों के विशेषज्ञ और सरकारी अधिकारी शामिल थे। समिति ने दवाओं की कीमतों में मार्जिन को तर्कसंगत बनाने के उद्देश्य से 137 कैंसर दवाओं की सिफारिश की थी। इस सूची को जरूरत के मुताबिक समय-समय पर अपडेट भी किया जाएगा।

मरीजों को हर साल हजारों करोड़ की बचत

दवाओं की कीमतों में कटौती से कैंसर का इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। अनुमान के मुताबिक, नई कीमतें लागू होने से मरीजों को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है। खास बात यह है कि कई ब्रांड की दवाओं के दाम आधे से भी कम हो गए हैं। इससे कैंसर के इलाज पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलेगी।

error: Content is protected !!