Uttrakhand News: खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा पर अगले आदेश तक लगी रोक

Rashtrabaan
Highlights
  • उफनाए गदेरे के कारण पैदल यात्रा पर लगी रोकी, पत्थर गिरने से टैक्सी चालक की मौत

उत्तराखंड, राष्ट्रबाण। लगातार भारी बारिश एवं भूस्खलन के कारण अगले आदेश तक केदारनाथ यात्रा पर रोक लगा दी गई है। दरअसल पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण मार्ग पर पड़ने वाले गदेरे उफना गए हैं ऐसे में पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को जान का खतरा बन सकता है। रविवार सुबह से लगातार हो रही भारी बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भारी बारिश को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने सुबह करीब 10:30 बजे केदारनाथ यात्रा रोक दी। वहीं यात्रियों को सोनप्रयाग में ही रोक दिया गया। वहीं सोनप्रयाग में एक्रो पुल के समीप खड़ी मैक्स के ऊपर पहाड़ी से पत्थर गिर गए जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान वाहन में अन्य कोई और नहीं था। घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है जब एक्रो पुल के दूसरे छोर पर अनिल सिंह बिष्ट (50) निवासी बरम्वाड़ी ने अपना वाहन हाईवे किनारे खड़ा कर दिया था। इस दौरान वह वाहन का लॉक ठीक करने लग गए। तभी पहाड़ी से पत्थर वाहन की छत को तोड़ते हुए अंदर जा गिरे जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तत्काल ही आपदा प्रबंधन द्वारा जेसीबी मशीन की मदद से वाहन पर गिरे पत्थर को हटाया गया। ओर पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।

- Advertisement -
error: Content is protected !!