चक्रवात अर्नब का कहर: 8 लोगों की मौत, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट

Rashtrabaan News Desk
Highlights
  • तूफान के चलते आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 1.8 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, कई उड़ानें रद्द
  • 1. मौसम विभाग की चेतावनी, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा

    नई दिल्ली। साइक्लोन अर्नब ने बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर तबाही मचाई। तूफान से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। कहीं बिजली का करंट लगने से तो कहीं पेड़ गिरने से लोगों की जान गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अर्नब ने तट पार करते समय 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ दस्तक दी, जबकि हवा की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान से कमजोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान बन गया। हालांकि, आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का खतरा बना हुआ है।
    तूफान से जुड़ी घटनाओं में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम, अनकापल्ली, काकीनाडा, कोनसीमा समेत अन्य जगहों पर 8 लोगों की जान गई। अर्नब के आने से पहले आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बड़े स्तर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। दोनों राज्यों में मिलाकर 1.8 लाख से ज्यादा लोगों को निकाला गया। तूफान के असर के चलते बुधवार को विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाली कई उड़ानें भी रद्द कर दी गईं थीं।
    मौसम विभाग के मुताबिक अर्नब का लैंडफॉल बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के दक्षिण-पश्चिम में हुआ। तट पार करने की पूरी प्रक्रिया छह घंटे से ज्यादा समय तक चली। मौसम विभाग के मुताबिक तूफान का केंद्र आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय क्षेत्र में था। यह नरसापुर से करीब 20 किलोमीटर पूर्व, यनम से 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम, काकीनाडा से 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम और मछलीपट्टनम से 90 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व में स्थित था। मौसम विभाग ने बताया कि तूफान का केंद्र पूरी तरह जमीन पर आ चुका है और तट पार करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
    तटीय आंध्र प्रदेश में गुरुवार को भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। रायलसीमा में 1 नवंबर तक गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की चेतावनी दी गई है। दक्षिण ओडिशा में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी आशंका है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में तूफान कमजोर होने के साथ इसकी तीव्रता घटने का अनुमान है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है।
    इधर, मौसम विभाग ने अर्नब के प्रभाव और मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए कई अन्य क्षेत्रों के लिए भी बारिश की चेतावनी जारी की है। दिल्ली में भी गुरुवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान है। 30 अक्टूबर को गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में गुरुवार को बहुत भारी और 30 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका जताई गई है। तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और बिहार समेत कई इलाकों में बारिश की चेतावनी दी गई है।

    error: Content is protected !!