सिवनी, राष्ट्रबाण । जिला चिकित्सालय सिवनी में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने का दावा किया जाता है, लेकिन वास्तविकता इससे उलट है। अस्पताल के प्रसूति वार्ड में महिलाओं, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, को शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव झेलना पड़ रहा है।
जिला चिकित्सालय सिवनी में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी मरीजों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। अस्पताल में महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था अत्यंत दयनीय स्थिति में है। गंदगी और बदइंतजामी के कारण गर्भवती महिलाओं सहित अन्य महिला मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल परिसर में मौजूद शौचालय गंदगी से भरा हुआ है और उसकी नियमित सफाई नहीं की जाती। दिन के समय महिलाएं नगर पालिका द्वारा संचालित शुलभ शौचालय का उपयोग कर लेती हैं, लेकिन रात में यह शौचालय 8:00 बजे बंद हो जाता है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को शौचालय की तलाश में इधर-उधर भटकने पर मजबूर होना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। जो उनके स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। जब इस मामले में अस्पताल प्रबंधन से बात की गई, तो उन्होंने कोई ठोस जवाब देने के बजाय गोलमोल बातों में पल्ला झाड़ लिया। यह स्थिति मरीजों और उनके परिवारों के लिए निराशाजनक है।
अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही
अस्पताल प्रबंधन से इस समस्या के बारे में पूछने पर कोई ठोस समाधान प्रस्तुत करने के बजाय गोलमोल जवाब दिए गए। मरीजों और उनके परिजनों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए जल्द से जल्द समाधान की मांग की है।
खून जांच के लिए निजी लैब का सहारा
इसके अलावा, अस्पताल में खून की जांच की मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। डॉक्टर द्वारा सुझाई गई जांचों के लिए मरीजों को निजी पैथोलॉजी लैब का रुख करना पड़ रहा है। निजी लैब मरीजों से मनमानी रकम वसूल रहे हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीज आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। सरकार द्वारा मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का दावा किया जाता है, लेकिन मरीज इन सुविधाओं से वंचित हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए, ताकि मरीजों को बिना किसी असुविधा के सभी सुविधाएं मिल सकें।
समस्या के समाधान की मांग
जिला चिकित्सालय में पेयजल की व्यवस्था से लेकर साफ-सफाई, शौचालय की स्थिति और जांच सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त किया जावे। साथ ही मरीजों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अस्पताल में साफ-सुथरे और सुरक्षित शौचालयों की व्यवस्था की जाए, ताकि महिलाओं को इस असुविधा से छुटकारा मिल सके। फिलहाल गर्भवती महिलाओं को इस गम्भीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जो उनकी परेशानी और जोखिम को बढ़ा रहा है।
कलेक्टर से अपील
सिवनी मे वर्तमान मे महिला कलेक्टर हैं। उनकी संवेदनशील कार्यप्रणाली से विभागों मे लापरवाह अफसरो मे ख़ौफ़ रहता हैं कि कही कलेक्टर महोदया निरीक्षण मे न आ जाये। शिक्षा विभाग पर जिस तरह कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन कि पैनी नजर हैं। उससे शिक्षा विभाग के लापरवाह अधिकारी और शिक्षकों मे भय का माहौल हैं। हम जिला कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन का ध्यान सिवनी हॉस्पीटल कि और आकर्षित कराना चाहते हैं कि वह एक औचक निरीक्षण जिला अस्पताल का भी करें और वहां कि अव्यवस्था को संज्ञान मे लेकर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी पर नकेल कसे।