लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी को गति देने एवं संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने मंत्रिमंडल के प्रभारी मंत्रियों के जिलों में व्यापक फेरबदल किया है। इस रणनीतिक बदलाव में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और वरिष्ठ मंत्री मनोज पांडेय को विशेष जिम्मेदारियां सौंपकर भाजपा ने 2027 के चुनावी मैराथन के लिए अपनी नींव मजबूत करने का प्रयास किया है।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद जारी इस नई सूची में कई वरिष्ठ नेताओं के प्रभारों में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ नए मंत्रियों को भी महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी देकर क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को संतुलित करने की रणनीति अपनाई गई है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को आगरा और कासगंज का प्रभारी बनाया गया है, जबकि खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय को सीतापुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस सूची के अनुसार, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को वाराणसी एवं लखनऊ जिले का प्रभारी बनाया गया है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को अयोध्या और बस्ती, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को प्रयागराज और गोरखपुर, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य को इटावा तथा हाथरस, गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को अलीगढ़ और फिरोजाबाद, और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को झांसी और फर्रुखाबाद की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अतिरिक्त, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह को गाजियाबाद और रामपुर, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को मिर्जापुर और चित्रकूट, श्रम मंत्री अनिल राजभर को आजमगढ़ और सिद्धार्थनगर, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान को रायबरेली और कन्नौज, तथा नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को जौनपुर और भदोही का प्रभार सौंपा गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को कानपुर नगर, तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल को गोंडा, मत्स्य मंत्री संजय निषाद को कानपुर देहात और पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर को अंबेडकरनगर की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही स्वतंत्र प्रभार और राज्य मंत्रियों को भी जिलों का दायित्व देकर योजनाओं की जमीनी निगरानी मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल को लखीमपुर खीरी, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल को बिजनौर, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह को मथुरा, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी को अमरोहा और खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव को सुल्तानपुर का प्रभार मिला है। इस सूची में राज्य मंत्रियों को भी कई जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें असीम अरुण (हरदोई, मेरठ), जेपीएस राठौर (संभल, बरेली), दयाशंकर सिंह (देवरिया, मऊ), दिनेश प्रताप सिंह (बांदा, बहराइच), अरुण कुमार सक्सेना (बदायूं), सोमेंद्र तोमर (मुजफ्फरनगर), मयंकेश्वर शरण सिंह (प्रतापगढ़), दिनेश खटीक (शामली), संजीव गोंड (चंदौली) और बलदेव सिंह औलख (पीलीभीत) शामिल हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि यह फेरबदल क्षेत्रीय संतुलन और संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी चुनावी एवं प्रशासनिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह कदम योगी सरकार की रणनीतिक तैयारी का अहम हिस्सा है, जो 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की दिशा में काम करेगा।

