गौतमबुद्ध नगर। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ एक बड़ा और सख्त अभियान चलाया है, जिसमें जिले भर के 36 हजार से अधिक वाहनों के चालान किए गए हैं। इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मज़बूत बनाना और यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एवं अपर पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में 21 मई से 24 मई तक विशेष सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान अवैध पार्किंग, बिना नंबर प्लेट वाले डम्पर, ओवरलोडिंग, डग्गामारी करने वाले वाहन, स्टंटबाजी, ओवरस्पीडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस अभियान से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिली है।
विशेष रूप से नोएडा जोन में अधिकतम कार्रवाई हुई, जहाँ 3001 अवैध पार्किंग वाले वाहन चालान किए गए और 114 बिना नंबर प्लेट या ओवरलोडिंग डम्परों पर जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त 72 डग्गामार वाहनों, 120 स्टंटबाजी करने वाले वाहनों, 5 बिना फिटनेस की स्कूल बसों, 244 ओवरस्पीड वाहन और 197 नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हुई। कुल 40 वाहन सीज किए गए।
सेंट्रल नोएडा जोन में 836 अवैध पार्किंग वाले वाहन, 107 डम्पर, 26 डग्गामार वाहन, 16 स्टंटबाज वाहन, 8 बिना फिटनेस की स्कूल बसों के साथ 284 ओवरस्पीड वाहन और 379 नशे में वाहन चालक पकड़े गए। यहाँ कुल 10 वाहन सीज किए गए।
ग्रेटर नोएडा जोन में भी 374 अवैध पार्किंग, 7 ओवरलोडिंग डम्पर, 20 डग्गामार वाहन, 8 स्टंटबाज वाहन के साथ 255 ओवरस्पीड वाहन और 19 नशे में वाहन चालक पकड़े गए।
इसके अतिरिक्त एक अलग अभियान में 3773 अवैध पार्किंग, 580 बिना नंबर प्लेट और ओवरलोडिंग डम्पर, 49 डग्गामार वाहन, 31 स्टंटबाज वाहन, 82 बिना फिटनेस स्कूल बसें, 2215 ओवरस्पीड वाहन पर चालान हुए और 95 वाहन सीज किए गए।
संपूर्ण अभियान में कुल 7984 अवैध पार्किंग, 808 ओवरलोडिंग एवं बिना नंबर प्लेट डम्पर, 167 डग्गामार वाहन, 175 स्टंटबाजी वाले वाहन, 95 बिना फिटनेस स्कूल बसें, 2998 ओवरस्पीड वाहन तथा 625 नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान किया गया। इसके अलावा 24,499 अन्य श्रेणी के वाहनों पर भी कार्रवाई हुई और कुल 145 वाहन सीज किए गए।
इस अभियान से जिले में आमजन की सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है। पुलिस अधिकारियों ने इसे निरंतर चलाने की बात कही है ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके और यातायात को नियंत्रित किया जा सके।

