Harda News: पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मरने वालों की सँख्या अब तक 11

Rashtrabaan

हरदा, राष्ट्रबाण। मंगलवार को मध्यप्रदेश के हरदा में हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इस हादसे के मुख्य आरोपी राजेश अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ था। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक लोग उसे सुन सके। धमाके की चपेट में आने से आसपास के दर्जनों घरों को नुकसान पहुंचा है। इलाका पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। जबकि अब तक करीब 200 लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। इस केस में मोहन सरकार ने बड़ा ऐक्शन लिया है। पटाखा फैक्ट्री के मालिक और इस हादसे के मुख्य आरोपी राजेश अग्रवाल को पुलिस ने पकड़ लिया है। इस मामले में कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार की रात 9 बजे राजेश अग्रवाल को राजगढ़ से पकड़ा है। जानकारी के मुताबिक, वह उज्जैन के रास्ते मध्य प्रदेश से बाहर भागने की फिराक में था। पुलिस ने राजेश के साथ-साथ सोमेश अग्रवाल और रफीक खान को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को सारंगपुर से पकड़ा है। तीनों पटाखा फैक्ट्री के पार्टनर हैं। सारंगपुर एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि 50 पुलिसवालों के साथ तीनों आरोपियों को हरदा भेजा जाएगा, इसके लिए कानूनी तैयारी पूरी कर ली गई है।

धमाके की आवाज तीन किलोमीटर तक गूंजी…

जानकारी के मुताबिक, विस्फोट की आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी। हादसे के समय पटाखा फैक्ट्री के अंदर एक टन के आसपास बारूद था। फैक्ट्री में धमाके के बाद अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। 200 से अधिक लोग इस हादसे में घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल की 50 से अधिक गाड़ियां मौके पर हैं। बुलडोजर से मलबे को साफ किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने जताया दुःख…

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे के बाद सख्त ऐक्शन लेने की बात कही है। उन्होंने मृतकों को चार-चार लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है। एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर करीब 400 पुलिसवाले भेजे गए हैं। वहीं कई दर्जन दमकल की गाड़ियां और बुलडोजर भी मौके पर हैं। इस हादसे के बाद 60 से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में हादसे वाले दिन ही मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

error: Content is protected !!