छिंदवाड़ा, राष्ट्रबाण। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को लगातार झटके पर झटके लग रहे हैं। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा को जहां कमलनाथ का गढ़ कहा जाता है वहीं दूसरी तरफ यहां पर कई बड़े नेता अब कांग्रेस को टाटा करते हुए भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी प्रकार छिंदवाड़ा जिले के चौरई विधानसभा के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव गंभीर सिंह आज भाजपा में शामिल हुए। गंभीर सिंह के साथ ही कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और न्यू ज्वॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में चौधरी गंभीर सिंह पार्टी में शामिल हुए। उनके साथ किसान कांग्रेस के अध्यक्ष चंद चौरिया, जिला उपाध्यक्ष सतीश मिश्रा, हर्रई जनपद कंचना उइके, नगरपालिका चौरई नेता प्रतिपक्ष अर्जुन रघुवंशी समेत हर्रई जनपद पंचायत के सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले भी कांग्रेस को चौरई ब्लाक से बड़ा झटका लग चुका है। कांग्रेस के दिग्गज नेता नीरज बंटी पटेल ने भी कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। सूत्रों के मुताबिक, गंभीर सिंह के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस का गढ़ रही छिंदवाड़ा सीट पर भी नकुलनाथ को तगड़ी सियासी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। गौरतलब हो, अबतक लोकसभा चुनावों में छिंदवाड़ा सीट पर कांग्रेस का ही कब्जा रहा है। इस सीट पर महज एक बार 1997 के उपचुनाव में ही भाजपा की जीत हुई है।


