प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रयागराज के दौरे के दौरान भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा सरकार के हालिया कैबिनेट विस्तार में विधायक पूजा पाल को जगह न दिए जाने को एक बड़ा मसला बताया और कहा कि अगर भाजपा सचमुच पूजा पाल को सम्मान देती है तो उन्हें उपमुख्यमंत्री बना देना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा का प्यार है या मुख्यमंत्री का लगाव, यह भाजपा के लोग ही बेहतर जानते हैं। मुझे तो लग रहा था कि पूजा पाल मंत्री बनेंगी। मैं आज भी अपील करता हूं कि डिप्टी सीएम हटाकर उन्हें उपमुख्यमंत्री बना देना चाहिए। अगर तीन डिप्टी सीएम भी हो जाएं तो क्या बुरा है?” अखिलेश के इस बयान ने भाजपा के भीतर सामाजिक और राजनीतिक संतुलन पर चुप्पी तोड़ दी है।
प्रयागराज एयरपोर्ट पर पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने हाल ही में वायरल हुए एक युवक की पिटाई के वीडियो का जिक्र करते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय वीडियो को हटा दिया और उसमें झूठे नाम जोड़ दिए, जो प्रशासन पर मनमानी का आरोप है।
आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर व्यंग्य किया और कहा कि चुनाव नजदीक हैं, लेकिन बरसात में विकास कार्य ठप हो जाते हैं। उन्होंने खासतौर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद को निशाना बनाते हुए कहा, “स्टूल वालों के लिए गद्दी तो बना देते, कम से कम अच्छा विभाग तो मिलता।” इस टिप्पणी को उन्होंने सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि यह किसी संकट से निपटने की अपील नहीं, बल्कि सरकार के पतन की घोषणा है। उन्होंने कहा कि जिस अर्थव्यवस्था पर भाजपा गर्व करती थी, वह आज लड़खड़ा रही है। डॉलर की स्थिति, गिरती आर्थिक वृद्धि दर और किसानों की आय जैसे मुद्दों पर उन्होंने केंद्र सरकार को गंभीर रूप से घेरा।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “संकट कोई और नहीं, खुद भाजपा है। जब सब कुछ ठीक था, तो अब जनता से मदद क्यों मांगनी पड़ रही है?” पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता से जुड़ी हत्या के प्रकरण में यूपी से हुई गिरफ्तारी पर भी उन्होंने भाजपा को आड़े हाथ लिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिन लोगों के साथ आरोपियों की तस्वीरें हैं, वही अब उन्हें निर्दोष साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान प्रयागराज दौरे पर उन्होंने भाजपा की पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी के आवास पर जाकर उनके दिवंगत पति पीसी जोशी को श्रद्धांजलि दी। उनका यह दौरा प्रदेश की राजनीति में कई नए संदेश लेकर आया है।

