Ashok nagar News: मध्यप्रदेश में फिर हैवानियत: कार में जबरन बैठाकर महिला से रातभर किया सामूहिक बलात्कार

Rashtrabaan

अशोकनगर, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश में बलात्कार जैसी घटनाएं रुकने का नाम ही नही ले रही हैं। अभी बीते दिनों उज्जैन में मासूम के साथ हुई हैवानियत का मामला शांत भी नही हुआ था कि मध्य प्रदेश में एकबार फिर दरिंदगी की वारदात सामने आई है। सूबे के अशोकनगर जिले के शाडोरा थाने के म्यापुर गांव के पास रविवार को नाजुक हालत में एक महिला पाई गई। महिला काफी जख्मी और बदहवास थी। पीड़िता ने बताया कि चार लोग उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए और रात भर उसके साथ दरिंदगी की। आरोपियों ने सुबह बदहवास हालत में उसे एक खेत में फेंककर भाग गए। मामला अशोकनगर जिले के शाढौरा का है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। महिला ने बताया है कि वह एक गांव की रहने वाली है। वह ईसागढ़ के पास वहेरिया के एक अस्पताल में इलाज के लिए आई थी। रास्ते में एक पुलिया के पास चार लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया। आरोपी उसे अलग-अलग जगहों पर ले गए और पीड़िता के साथ रात भर दरिंदगी की। महिला ने आरोप लगाया कि उसे किसी हथियार से जख्मी भी किया गया। आरोपियों ने महिला को सुबह नाजुक हालत में एक खेत में फेंका और फरार हो गए। एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि पुलिस को महिला के बेसुध होने की जानकारी मिली। जैसे ही पुलिस को एक महिला के खेत में पड़े होने की जानकारी मिली पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो महिला के हाथ बंधे थे। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे जबरदस्ती कार में बैठाया और उसके हाथ पैर बांध दिए। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने अंधेरा होने पर एक जगह गाड़ी खड़ी की और उसके साथ रातभर दरिंदगी करते रहे।

error: Content is protected !!