भोपाल, राष्ट्रबाण। मंगलवार को भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा रवाना किया गया।
उन्होंने सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो का सफर किया। इससे पहले सुभाष नगर डिपो में सीएम शिवराज ने कहा, मेट्रो यहीं नहीं रुकेगी। इसका विस्तार कर मंडीदीप भी ले जाएंगे, जरूरत पड़ी तो सीहोर और विदिशा भी ले जाएंगे।
सीएम शिवराज ने कहा, मैं बचपन से भोपाल आता था। पहले यहां तांगा चलता था। पहले छोटा सा भोपाल था। तांगे वाला भोपाल था। तांगे से आगे बढ़े तो भट्ट सूअर आए। इसके बाद छोटे ऑटो आएं। टैक्सियां चलीं। फिर स्मार्ट बस चलीं। अब हम सफर तय कर रहे हैं तांगे से लेकर मेट्रो तक का। सीएम शिवराज ने कहा, पहले हमारा मजाक उड़ाते थे कि कहां मेट्रो चलेगी, लेकिन जो हमने कहा था वो किया। गड्ढों वाला मध्यप्रदेश मेट्रो वाला हो गया है। मेट्रो में कार वाला, दोपहिया वाला भी सफर करेगा। ये सभी को एक समान बना देगी।
मेट्रो ट्रायल रन पर स्कूली बच्चों में उत्सव जैसा माहौल
भोपाल मेट्रो के ट्रायल रन को लेकर सुभाष नगर स्टेशन पर उत्सव का माहौल है। यहां स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स को भी बुलाया गया। साथ ही मेट्रो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लाेग पहुंचें। मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, मध्य विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी धुरुनारायण सिंह, उत्तर विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी आलोक शर्मा भी मंच पर मौजूद रहे।