Bhopal News: 3 सितंबर को गृह मंत्री अमित शाह करेंगे जन आशीर्वाद यात्रा की शुरूआत

Rashtrabaan
Highlights
  • कार्यकर्ता महाकुंभ में भोपाल पहुंच सकते है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

भोपाल, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की जोर-शोर से तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार दौरे कर रहे है। तो वहीं विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा जन आशीर्वाद यात्राएं निकालेगी। बताया जा रहा है कि 3 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चित्रकूट से यात्रा की शुरुआत करेंगे। पार्टी पहली बार एक साथ 5 यात्राएं निकालने जा रही है। 17-18 दिन में ये यात्राएं 10, 543 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। सूत्रों से यह भी पता चला है कि 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। बताया जा रहा है कि पार्टी का दावा है महाकुंभ में प्रदेशभर से 10 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आ सकते हैं। भाजपा के एक पदाधिकारी ने कहा कि इस बार हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। मुस्लिम वर्ग को टिकट दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास के आधार पर काम करती है। केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना का लाभ सभी वर्गों के लोगों को मिलता है। किसी क्षेत्र से किसको टिकट देना या नहीं देना है, वहां की स्थिति पर निर्भर करता है। पिछली बार हमने भोपाल उत्तर से आरिफ बेग को टिकट दिया था।

- Advertisement -

प्रदेश की 210 विधानसभा सीटें तक पहुंचेगी यात्रा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व जन आशीर्वाद यात्रा निकालता है। इस यात्रा के जरिए हम हर विधानसभा तक पहुंचते हैं। कई बार चुनावों में विधानसभाएं छूट जाती थीं इसलिए इस बार प्रदेश में 5 यात्रा निकालेंगे। वीडी शर्मा ने आगे कहा कि पांचों यात्राएं 10543 किलोमीटर चलकर कुल 210 विधानसभाएं कवर करेंगी। भोपाल और आसपास की विधानसभाएं समापन पर कवर की जाएंगी। इन यात्राओं का 998 स्थानों पर स्वागत होगा। इस दौरान कुल 678 जन सभाएं होंगी। इनमें 211 बड़ी सभाएं होंगी। यात्राओं में केंद्रीय नेतृत्व के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

- Advertisement -

जन आशीर्वाद यात्रा पर एक नजर

- Advertisement -
  • पहली यात्रा 3 सितंबर को चित्रकूट से शुरू होगी। इसका शुभारंभ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। यह यात्रा निवाड़ी से होकर भोपाल पहुंचेगी।
  • दूसरी यात्रा 4 सितंबर को खंडवा से शुरू होगी। दादा धूनी वाले का आशीर्वाद लेकर शुरू होने वाली यात्रा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।
  • तीसरी यात्रा 4 सितंबर को ही नीमच से शुरू होगी। इसमें भी केंद्रीय रक्षा मंत्री सिंह शामिल होंगे।
  • चौथी यात्रा 5 सितंबर से मंडला से शुरू होगी। जबलपुर होती हुई यात्रा भोपाल पहुंचेगी। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं।
  • पांचवीं यात्रा 6 सितंबर को श्योपुर के बड़ौदा नगर से शुरू होगी, जो रायसेन होकर भोपाल पहुंचेगी। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हो सकते हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!