लखनऊ। आज के दौर में, जहां लाखों लोग स्वस्थ और फिट रहने के लिए जिम जाते हैं, वहीं मंगलवार को उत्तर प्रदेश के बरेली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बरेली में एक जिम की आड़ में महिला को ब्लैकमेल करने की एक घिनौनी घटना को अंजाम दिया गया है।
पुलिस ने जिम की आड़ में महिलाओं को निशाना बनाकर ब्लैकमेलिंग करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए, घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला थाना कोतवाली क्षेत्र की है, जिसे लेकर हुई कार्रवाई में पुलिस ने जिम संचालक अकबर बेग और उसके साथी आलम बेग को गिरफ्तार किया है।
मामले को लेकर पुलिस के बताया कि आरोपी जिम में आने वाली महिलाओं को प्री-वर्कआउट ड्रिंक के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाता था, जिससे वे अचेत हो जाती थीं। इसके बाद उन्हें जिम के अंदर बने कमरे में ले जाकर अश्लील वीडियो बनाए जाते थे। इन वीडियो के जरिए महिलाओं को ब्लैकमेल कर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।
मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा वीडियो डिलीट करने के नाम पर महिला से लाखों रुपए की मांग की जाती थी। इसी से तंग आकर पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,000 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और घटना से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो व अन्य सामग्री भी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने और कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया।
फिलहाल, पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

